
Legislative Assembly election 2018 date
भोपाल। चार राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव की आचार संहिता चार-पांच दिन में लगने जा रही है। चुनाव आयोग ने अंतिम दौर की तैयारी पूरी कर ली है। सूत्रों के मुताबिक चुनाव आयोग ने मतदाता सूचा का अंतिम प्रकाशन पूरा कर लिया है।
मध्यप्रदेश समेत चार राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव की आचार संहिता चार-पांच दिनों में लगने की उम्मीद की जा रही है। हाल ही में चुनाव आयोग ने मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया है, जबकि ईवीएम और वीपीपैट की जांच का काम भी पूरा हो गया है। इसके अलावा चुनाव ड्यूटी में लगने वाले कर्मचारियों का डेटाबेस भी तैयार कर लिया गया है। माना जा रहा है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में ही चुनाव की तारीखें भी घोषित कर दी जाएंगी। नवंबर अंत में अथवा दिसंबर के पहले सप्ताह में भी चुनाव हो सकते हैं। मध्यप्रदेश समेत छत्तीसगढ़, राजस्थान और मिजोरम में एक साथ चुनाव कराए जाएंगी, जिसे तीन से पांच चरणों में बांटा जा सकता है।
इन तारीखों में लग सकती है आचार संहिता
पिछले अनुभवों और तैयारियों को देखते हुए चुनाव आयोग चार अक्टूबर को या उसके बाद कभी भी चुनाव की तारीखें घोषित कर सकता है। जिस दिन से तारीख घोषित होगी, उसी समय से चार राज्यों में आचार संहिता लागू हो जाएगी।
नवंबर अंत में हो सकते हैं चुनाव
सूत्रों का कहना है कि आमतौर पर चुनाव आयोग शुक्रवार को चुनाव की तैयारियों का ऐलान करता है। इसलिए 5 अक्टूबर को शुक्रवार होने के कारण इस दिन आचार संहिता लगने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है। पिछले दिनों भोपाल आए मुख्य चुनाव आयुक्त ने सभी दलों से बातचीत करके चुनाव की तारीखों पर चर्चा की थी। पार्टियां चाहती हैं कि वोटिंग से पहले ही 7 नवंबर को दीपावली और 21 नवंबर को ईद के त्योहार संपन्न हो जाएं, इस कारण ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान में हिस्सा ले पाएंगे।
मध्यप्रदेश में दो माह बाद होने जा रहे विधानसभा चुनाव की आचार संहिता जल्द ही लगने जा रही है। चुनाव की तारीखों का ऐलान कभी भी हो सकता है। आचार संहिता लगने से पहले ही बड़े राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस दोनों ही चुनाव का शंखनाद कर चुके हैं। भोपाल में 17 सितंबर को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का रोड शो था वहीं, 25 सितंबर को भाजपा ने कार्यकर्ता महाकुंभ करके अपनी ताकत दिखाई है। इसके बाद दोनों ही दल प्रचार की रणनीति में जुट गए हैं।
4 अक्टूबर के बाद कभी भी लग जाएगी आचार संहिता
2013 में हुए चुनाव से पहले 4 अक्टूबर 2013 को चुनाव की घोषणा हुई थी। इसके बाद 25 नवंबर को 2013 को वोटिंग कराई गई थी। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव 2018 में ही अक्टूबर के पहले सप्ताह में चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी जाएगी। इसके साथ ही आचार संहिता लग जाएगी। यह भी माना जा रहा है कि पिछली बार की ही तरह नवंबर का अंतिम सप्ताह चुनाव की दृष्टि से अनुकूल रहेगा। क्योंकि इस दौरान कोई त्योहार भी नहीं होंगे।
कहां कितनी सीटों पर होंगे चुनाव
-इस साल के अंत में मिजोरम, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के चुनाव होने हैं।
-40 सीटों वाली मिजोरम में अक्टूबर-नवंबर में चुनाव होंगे।
-इसके बाद राजस्थान की 200 सीटों वाली विधानसभा के चुनाव होंगे। यहां बीजेपी की सरकार है।
-इसके बाद छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के चुनाव होंगे। इन दोनों ही राज्यों में भी बीजेपी की सरकार है। मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार का कार्यकाल जनवरी 2019 में खत्म हो रहा है। जबकि 90 सीटों वाली छत्तीसगढ़ की रमन सरकार का भी कार्यकाल साथ-साथ खत्म होगा।-मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान अपने चौथे कार्यकाल के लिए मैदान में उतरेंगे। यहां 230 सीटें हैं।
Updated on:
01 Oct 2018 10:51 am
Published on:
01 Oct 2018 10:51 am
