
शिवराज ने इस आखिरी काम पूरा करके खाली किया सीएम हाउस, अब ये है मामा का नया ठिकाना
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यानी बुधवार को मुख्यमंत्री निवास खाली कर दिया है। सीएम निवास खाली करने से पहले उन्होंने बंगले के भीतर स्थित मंदिर में पूजा अर्चना की, साथ ही यहां स्थित गौशाला में जाकर गौमाता के दर्शन किए। इस दौरान मुख्यमंत्री निवास में पदस्थ कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें भावुक मन से विदाई दी। अब शिवराज का नया ठिकाना राजधानी भोपाल के ही लिंक रोड नंबर-1 पर स्थित बी8-74 होगा।
बंगला खाली करके बाहर निकल रहे शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, उन्होंने सीएम निवास में रहते हुए कई विकास कार्य किए। आने वाले समय में भी प्रदेश में खूब विकास कार्य होंगे। उन्होंने कहा कि 18 साल में प्रगति और प्रकाश जन कल्याण का इतिहास रचा है। आज आनंद और प्रसन्नता के साथ सीएम आवास से जा रहा हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री यादव और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि वो प्रदेश को खूब ऊंचाईयों तक ले जाएं। इ दौरान शिवराज की पत्नी साधना सिंह ने कहा कि इस निवास से उनकी कई यादें जुड़ी हैं। शिवराज अपने परिवार के साथ एक कार में बैठकर रवाना हुए। कार उनके बड़े बेटे कार्तिकेय चौहान चला रहे थे।
नए निवास में शिवराज का स्वागत
पूर्व सीएम शिवराज अपने लिंक रोड स्थित नए आवास में प्रवेश करने से पहले भी पूजा अर्चना की। यहां बंगले में प्रवेश करने से पहले पत्नी साधना सिंह ने उनके माथे पर तिलक लगाकर नए घर में उनका स्वागत किया। यहां भी उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जब वो सांसद थे, तब भी उनको यही घर आवंटित हुआ था। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री रहते हुए भी काम किया। उन्होंने कहा कि यहां रहकर भी जनता के लिए खूब काम किया। आगे भी यहीं से जनता की सेवा का महायज्ञ जारी रहेगा।
2005 में अलॉट हुआ था बंगला
शिवराज सिंह चौहान को 74 बंगला स्थित बी-8 बंगला 2005 में सांसद बनने के दौरान अलॉट हुआ था। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बनने पर मुख्यमंत्री निवास में शिफ्ट हो गए। इसके बाद से वो 2018 तक श्यामला हिल्स पर ही रह रहे थे। इस बीच कांग्रेस की सरकार बनने पर वह अपने बी-8 बंगले में शिफ्ट हो गए थे। लेकिन 2020 में जब वो दोबारा सीएम बने तो मुख्यमंत्री निवास में शिफ्ट हो गए।
Updated on:
27 Dec 2023 05:44 pm
Published on:
27 Dec 2023 04:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
