
Fraud
भोपाल। शहर के अरेरा कॉलोनी में रहने वाले एक बैंक मैनेजर ने ओएलएक्स ऐप पर अपना फर्नीचर बेचने की विज्ञप्ति डाली थी। जालसाज ने फर्नीचर खरीदने के नाम पर उनके खाते में पांच रुपए भेजकर 20 हजार रुपए उड़ा लिए। पीड़ित ने इस संबंध में सायबर क्राइम में शिकायत की थी। पुलिस ने जांच के बाद केस संबंधित थाना जहांगीराबाद को सौंप दिया। पुलिस ने डेढ़ साल बाद मोबाइल नंबर के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
फर्नीचर खरीदने का कॉल आया
29 वर्षीय तन्मय वर्मा दिल्ली स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में मैनेजर हैं। 24 दिसंबर, 2019 को तन्मय ने घर का पुराना फर्नीचर बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन पोस्ट किया था। तन्मय के मोबाइल पर फर्नीचर खरीदने का कॉल आया। कॉलर ने अपना नाम विकास पटेल बताया और कहा कि मैं आपका फर्नीचर खरीदना चाहता हूं।
खाते से 20 हजार रुपए कट गए
आपके ऑनलाइन खाते की जानकारी शेयर करो। मैं उसमें पैसे डाल देता हूं। खाते में पांच रुपए भेजकर कहा कि इसके बाद आपके खाते में पैसे नहीं जा रहे हैं। मैंने एक बार कोड भेजा है। इसे स्कैन कर दो। मैं पैसे डाल दूंगा, जैसे ही तन्मय ने बार कोड स्कैन किया वैसे ही उनके खाते से 20 हजार रुपए कट गए। इधर, बैरसिया इलाके के ग्राम नीची ललोई निवासी 72 वर्षीय किसान रमेश कुमार शर्मा के खाते से नेट बैंकिंग के माध्यम से 41 हजार रुपए कट गए। इसकी शिकायत रमेश ने पुलिस से की । खाते से पांच बार में यह रकम गायब हो गई।
Published on:
21 May 2021, 12:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.