
Heavy Rain Alert MP (एमपी में मुसलाधार बारिश Photo Source- Patrika)
Rain Alert : मध्य प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज हैं। फिलहाल, बारिश ज्यादा असर राज्य के पूर्वी इलाकों में दिखाई दे रहा है। राजधानी भोपाल स्थित राज्य मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के रीवा और बालाघाट में मंगलवार को अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां आगामी 24 घंटों में 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
वहीं, प्रदेश के टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, कटनी, शहडोल, सीधी और सिंगरौली में भी भारी बारिश की चेतावनी है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, सतना, मऊगंज, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, दमोह, निवाड़ी समेत कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के अलग अलग इलाकों में बारिश का दौर जारी है। बावजूद इसके अब भी राज्य के करीब 70 फीसदी इलाका यानी 40 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है। इनमें पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में करीब 19 फीसदी बारिश कम दर्ज हुई है। जबकि, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, सागर, सतना, सिवनी और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में 4 से 58 फीसद तक कम बारिश हुई है। पश्चिमी राज्य के 21 जिलों में भी सामान्य से 1 से 49 फीसद कम बारिश हुई है। इनमें इंदौर, धार, झाबुआ, बैतूल, रायसेन, सीहोर, रतलाम, उज्जैन, नीमच, मंदसौर और विदिशा समेत अन्य जिले शामिल हैं।
वहीं, प्रदेश में 15 जिले ऐे भी हैं, जहां अब तक औसत से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। इनमें अनूपपुर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, बड़वानी, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, देवास, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, राजगढ़ और गुना शामिल हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में एक साथ कई सिस्टम एक्टिव हुए हैं। पश्चिमी हिस्से में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि ऊपरी स्तर पर दो अन्य चक्रवाती परिसंचरण मौजूद हैं। दक्षिणी हिस्से से शीयर जोन गुजर रहा है। इनके असर से पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, इन्हीं सिस्टमों के कारण गुजर 17 अगस्त से आगामी 21 अगस्त तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
Updated on:
18 Aug 2026 09:45 am
Published on:
18 Aug 2026 09:44 am
