
भोपाल. कौन बनेगा करोड़पति शो में 50 लाख रुपए जीतने वाली एक युवती के लिए यही पैसा तलाक का कारण बन गया। मामला मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल का है जहां एक महिला को उसके शौहर ने तीन तलाक दे दिया। तलाक के बाद महिला की मानसिक स्थिति इतनी बिगड़ गई है कि वो अपने घर का पता तक नहीं बता पा रही है और सुसाइड करने की धमकी दे रही है। पीड़िता ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की गुहार लगाई है। हैरानी की बात तो ये है कि तीन तलाक की शिकार हुई महिला पहले ही शौहर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करा चुकी है।
साल 2015 में हुई थी शादी
शौहर की ओर से तीन तलाक दिए जाने के बाद पीड़िता की मानसिक स्थिति खराब है। वो अपने घर का पता तक सही नहीं बता पा रही है। पीड़िता जब पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पहुंची तो कहा कि अगर उसकी FIR नहीं लिखी गई तो वो आत्महत्या कर लेगी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि साल 2015 में उसकी शादी ऐशबाग इलाके के रहने वाले नासिर के साथ हुई थी। उसका कहना है कि शादी के बाद से ही शौहर नासिर उसे पैसों के लिए प्रताड़ित करता था और कई बार तो मारपीट भी की। कई बार ससुरावालों से पैसे ले जाकर भी उसने शौहर नासिर को दिए लेकिन उसकी भूख नहीं मिटी। वो उसके साथ मारपीट करता था और अक्सर घर से भगा देता था। 13 मार्च को जब वो अपने भाई के घर पर गई थी तो वहां पर नासिर आया और उससे पैसों की डिमांड की। विवाद करने लगा और वहीं पर तीन तलाक देकर चला गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज करने के बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
2012 में बहन के साथ मिलकर KBC में जीते थे 50 लाख रुपए
पीड़िता के मुताबिक वो साल 2012 में अपनी बहन के साथ कौन बनेगा करोड़पति शो में गई थी और वहां पर उन्होंने 50 लाख रुपए जीते थे। इन्हीं पैसों के लिए शौहर उसे आए दिन तंग और प्रताड़ित करता था। घरवालों ने शादी में नकदी और जेवरात भी दिए थे और जब शुरुआत में शौहर ने पैसों की डिमांड की तो पैसे भी दिए लेकिन वो बार बार पैसों की डिमांड करने लगा। अक्सर उसे मारपीट कर घर से निकाल देता था। आरोप ये भी है कि शौहर नासिर ने साल 2020 में दूसरी शादी भी कर ली है। शौहर के तीन तलाक देने से पीड़िता का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है वहीं दूसरी तरफ पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद नासिर खुद को बेकसूर बता रहा है। उसका कहना है कि वो पत्नी को साथ में रखना चाहता है लेकिन वो ही उसके साथ नहीं रहना चाहती और माता-पिता से भी विवाद करती रहती है।
देखें वीडियो- ऐसे लोकायुक्त ने पकड़ा रिश्वतखोर डिप्टी रेंजर
Published on:
16 Mar 2021, 5:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.