
मोहन सरकार के मंत्रियों की शपथ के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कह दी बड़ी बात, जानिए क्या कहा?
मध्य प्रदेश में आज सरकार का गठन हो गया है। कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद पटेल, राकेश सिंह और विश्वास सारंग समेत कुल 28 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें से 18 विधायकों ने कैबिनेट मिनिस्टर की शपथ ली है तो वहीं 6 ने राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और 4 राज्यमंत्री बने हैं। शपथ ग्रहण करने के बाद से ही मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत सभी मंत्रियों को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश भाजपा के कद्दावर नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी मोहन सरकार के मंत्रियों को बधाई दी है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, 'मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार के नए मंत्रिमंडल के गठन पर मंत्रिमंडल के सभी माननीय सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में यह सरकार मध्य प्रदेश का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेगी।'
कैलाश विजयवर्गीय ने कही ये बात
वहीं कैबिनेट विस्तार के बाद मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने नए मंत्रियों की टीम को बैलेंस टीम बताया है। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'इस टीम में टेस्ट मैच के साथ-साथ टी-20 खेलने वाले खिलाड़ी भी शामिल हैं। इसलिए ये बहुत संतुलित टीम है।'
शिवराज सिंह चौहान ने कही ये बात
मंत्रियों की शपथ के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, 'मंत्रिमंडल पूरी तरह से संतुलित और क्षेत्रिय आवश्यकताओं को ध्यान में रखा गया है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम मोहन यादव की अगुवाई में प्रदेश को सुशासन देगी नई सरकार। प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने आगे ये भी कहा कि 'मुझे विश्वास है कि संकल्प पत्र के वचनों को नई सरकार पूरा करेगी। सभी मंत्री मित्रों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। नया मंत्री मंडल पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा का नया इतिहास रचेगा।'
Published on:
25 Dec 2023 07:46 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
