
निलंबन आदेश, थाना कजलीखेड़ा (फोटो सोर्स: Commissioner Office And Patrika File)
Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कजलीखेड़ा थाना इलाके में आयोजित शहर के एक निगरानी बदमाश की शादी में शामिल होना दो पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। बदमाश की शादी समारोह में पुलिसकर्मियों के पहुंचने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। बता दें कि, दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि, मामले में पुलिस अफसरों ने वायरल तस्वीरे सामने आने के बाद उनकी जांच कराई। तस्वीरें सही पाई जाने के बाद ये कार्रवाई की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कजलीखेड़ा थाने में पदस्थ उप निरीक्षक श्रीकांत द्विवेदी और एएसआई कल्याण रघुवंशी थाना इलाके के ही निगरानी बदमाश फुरकान खान की शादी में शामिल हुए थे। बताया ये भी जा रहा है कि, फुरकान खान के खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। शादी समारोह में दोनों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी की तस्वीरें सामने आई थी, जो सोशल मीडिया पर वायरल होते हुए पुलिस अधिकारियों तक भी पहुंच गईं।
आला अफसरों के सामने शादी की तस्वीरें पहुंचने के बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। इसके बाद डीसीपी भोपाल-4 आदर्शकांत शुक्ला ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद महकमें में चर्चाओं का सिलसिला तेज हो गया है।
बताया जा रहा है कि फुरकान खान को कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में निगरानी बदमाश के रूप में दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं। सूत्रों के मुताबिक उसका संबंध टीला जमालपुरा क्षेत्र के जुआरी अरशद बब्बा से भी बताया जाता है। पुलिस सूत्रों का ये भी कहना है कि, फुरकान पुलिस के लिए मुखबिरी भी करता रहा है। हालांकि पुलिसकर्मियों के शादी समारोह में शामिल होने को लेकर विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है।
वहीं, पुलिसकर्मियों के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद पुलिस अफसरों का कहना है कि, आम नागरिकों के साथ - साथ विभाग द्वारा भी पुलिस जवानों से अपेक्षा की जाती है कि, वो आपराधिक रिकॉर्ड वाले निगरानी बदमाशों के साथ अपने संबंधों को लेकर विशेष सावधानी बरतें। ऐसे लोगों के निजी आयोजनों में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से विभाग की छवि और कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठने की संभावना रहती है। फिलहाल, मामले की विभागीय स्तर पर आगे भी जांच जारी है।
Updated on:
06 Oct 2026 09:03 pm
Published on:
06 Oct 2026 08:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
