
कर्नाटक चुनाव के बाद मध्यप्रदेश में भी भाजपा की इस जीत का बड़ा असर पड़ सकता है। कर्नाटक चुनाव में जीत पर मध्यप्रदेश के दिग्गज नेताओं ने अपने प्रतिक्रियाएं दी हैं...।
भोपाल। मध्यप्रदेश समेत तीन राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले कर्नाटक में भाजपा को मिली बड़ी जीत को काफी अहम माना जा रहा है। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह बढ़ गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि कर्नाटक में जीत से दक्षिण के द्वार खुल गए हैं जो कन्याकुमारी तक जाएंगे। उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह की जोड़ी को अपराजेय जोड़ी बताया है। भाजपा नेताओं ने कर्नाटक में जीत पर भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बताया गया, वहीं कहा गया है कि कांग्रेस को पसीने छूट गए हैं।
मोदी शक्तिशाली, शाह राजनीति के चाणक्य हैं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा है कि वे सबसे शक्तिशाली नेता है। वे सबसे लोकप्रिय नेता हैं। कर्नाटक की जनता ने मोदीजी पर विश्वास किया। विकास का एजेंडा, गरीबों का कल्याण करने के लिए जनता ने भरोसा जताया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अद्भुत रणनीतिकार हैं। शाह आधुनिक युग के चाणक्य हैं। दोनों की जोड़ी अपराजेय है।
खुल गया दक्षिण का द्वार
चौहान ने यह भी कहा है कि कर्नाटक में भाजपा की जीत के साथ ही अब दक्षिण का द्वार खुल गया है जो कन्याकुमारी तक जाएगा।
मध्यप्रदेश में बनेगी कांग्रेस की सरकार
कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि मध्यप्रदेश के लोग भाजपा से उकता गए हैं। इसलिए आने वाले विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। इधर, राउ के कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा है कि कोई कमी रह गई होगी, जिस कारण चुनाव में हार हुई है। हम जल्द ही कमियां सुधारेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह का बयान
इधर नवनियुक्ति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा है कि कर्नाटक चुनाव ने बता दिया है कि लोग कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को कैसे लेते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी नीतियों पर पुनःविचार करना चाहिए। सिंह ने कहा कि कर्नाटक को विकास करने वाला राष्ट्रीय दल मिला है।
नरोत्तम बोले- कांग्रेस अब पीपीपी
मध्यप्रदेश के जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्र ने ट्वीट कर कहा कि अब इक्का-दुक्का राज्यों में ही कांग्रेस के नामोनिशान हैं। भारतीय जनता पार्टी अब पीछे नहीं जाने वाली है। कांग्रेस अब पीपीपी है। पंजाब, पांडिचेरी और परिवार तक सिमट गई है। जनता ने तरक्की पसंद भाजपा को पूरा आशीर्वाद दिया है।
विजयवर्गीय ने राहुल पर कसा तंज
इधर, पूर्व मंत्री एवं भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा है कि संसद में 15 मिनट बोलेंगे और नरेंद्र मोदीजी खड़े नहीं रह पाएंगे यह तो कभी होगा नहीं। पर कर्नाटक चुनाव में राहुलजी रैलियों में घंटों बोले नतीजा ये कि उनकी पार्टी ही खड़ी नहीं रह पाई।
इनके दावे हुए पास
तोमर का दावा
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मध्यप्रदेश के दौरे पर कहा था कि कर्नाटक में बीजेपी की ही सरकार बन रही है। उन्होंने भी यह दावा कर्नाटक चुनाव प्रचार के बाद कही थी।
सीएम का दावा
कर्नाटक में चुनाव प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी गए थे। उन्होंने वहां दो दिनों तक कई सभाओं और रोड शो में भाग लिया था। वहां से लौटकर 10 मई को ट्वीट करके मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि कर्नाटक में मध्यप्रदेश की सरकार बन रही है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि इस पार्टी के लोग सकारात्मक राजनीति के बजाय जनता को बांटने और आपस में लड़ाने का कार्य कर रहे हैं।
प्रचार से लौट कर किया था ये दावा
Published on:
15 May 2018, 2:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.