देश में कोरोना वायरस के बढ़ते असर से बचने के लिए सभी सरकारी विभागों की ओर से रोजाना कई नई एडवाइजरी जारी की जा रही हैं। लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए बुधवार सुबह ही 31 मार्च तक होने वाली लगभग सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। कुछ दिनों पहले ही शिक्षा विभाग ने मध्य प्रदेश के सभी सरकारी और गैर सरकारी, प्राइमरी और सैकेंड्री स्कूलों को 31 मार्च तक बंद रखने के निर्देश दिये थे। हालांकि, उस दौरान परीक्षा से संबंधित कोई निर्देश जारी नहीं हुए थे। लेकिन, आज आगामी बोर्ड परीक्षाओं पर भी रोक लगा दी गई है।