
भोपाल. इस बार माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षाएं जल्दी शुरू हुई हैं और बोर्ड परिणाम भी जल्दी घोषित करने की तैयारी कर रहा है. इस बार मूल्यांकन कार्य शुरू होने के तुरंत बाद ही अंक मंडल तक पहुंचने लगेंगे. इसके लिए ऑनलाइन व्यवस्था की गई है. बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन कार्य परीक्षा के दौरान ही शुरू हो जाएगा.
मध्यप्रदेश में 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा अभी चल रहीं हैं. परीक्षा के साथ ही बोर्ड रिजल्ट घोषित करने की तैयारियों में भी जुट गया है. इस बार कॉपियों का मूल्यांकन करने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 30000 शिक्षकों की टीम तैयार की गई है. इसमें मंडल की गाइडलाइन में आने वाले सरकारी एवं निजी विद्यालयों के शिक्षक शामिल हैं. मूल्यांकन दो चरणो में होगा. पहले चरण के मूल्यांकन के लिए उत्तरपुस्तिकाओं का संकलन कार्य 1 मार्च को होगा. इसके बाद बोर्ड द्वारा आवंटित जिलों को मूल्यांकन के लिए कापियां भेजी जाएंगी. समन्वय संस्था के प्राचार्य के डिजिटल सिग्नेचर से अंको की फीडिंग की जाएगी.
खास बात यह है कि इस बार अंकों की फीडिंग मूल्यांकन केन्द्र से ही ऑनलाइन होगी. गड़बड़ी रोकने के लिए यह व्यवस्था की गई है. रिजल्ट और अंकों में पारदर्शिता लाने के लिए इस बार मंडल मूल्यांकन केंद्रों से ऑनलाइन अंक मंगवाएगा. इसके लिए हायर सेकंडरी और हाईस्कूल की परीक्षाओं का रिजल्ट ऑनलाइन ही तैयार होगा. इसके अंतर्गत मूल्यांकन केंद्रों से कॉपियों की पूरी जानकारी और अंक सीधे माशिमं मुख्यालय को ऑनलाइन भेजना होगा. इस साल से माशिमं पुनर्गणना के साथ-साथ पुनर्मूल्यांकन की व्यवस्था भी शुरू कर रहा है.
बताया जा रहा है कि इसके लिए माशिमं कुछ अन्य राज्यों की दसवीं व बारहवीं बोर्ड परीक्षा के व्यवस्था का जायजा ले रहा है. मूल्यांकन केंद्र से ऑनलाइन अंक मांगने का प्रस्ताव इसलिए तैयार किया है ताकि गड़बड़ी न हो और समय भी बचे. तैयारी यह की जा रही है कि उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के एक सप्ताह के अंदर रिजल्ट तैयार हो जाए और घोषित भी कर दिया जाए.
Published on:
26 Feb 2022, 11:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.