
CM Mohan Yadav (फोटो सोर्स: @DrMohanYadav51)
MP News: सीहोर के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव(CM Mohan Yadav) और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर को विकास की गारंटी दी। दोनों ने 113 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने सीहोर नगरपालिका को 50 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए देने की घोषणा की तो केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को केंद्र की ओर से 7,85,356 पीएम आवास की स्वीकृति और मनरेगा में स्वीकृत 6,200 करोड़ रुपए के बजट की स्वीकृति का पत्र सौंपा। सीएम ने कहा, भोपाल के मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र बनने से सीहोर जिला विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा। यहां विकास योजनाएं बड़े स्तर पर बनेंगी। दोनों दिग्गज नेता हास परिहास के जरिए एक-दूसरे का सम्मान करते दिखे।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बड़ा भाई बताया। कहा कि उनके नेतृत्व में सीहोर समेत प्रदेश ने विकास किया, यह सिलसिला जारी रखेंगे। मुख्यमंत्री ने शिवराज(Shivraj Singh Chouhan) के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को याद किया। बोले-उनके नेतृत्व में लाड़ली बहना योजना शुरू हुई। इसके तहत बहनों को दी जाने वाली राशि 3 हजार तक करेंगे।
सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर भी मौजूद रहीं।
केंद्रीय मंत्री शिवराज भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने कहा, इछावर विधानसभा के कुछ गांव नर्मदा-पार्वती लिंक परियोजना से छूट गए हैं। इसे सीएम ने तुरंत स्वीकृति दे दी। फिर शिवराज ने कहा, मैंने संसदीय क्षेत्र में विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली। सभी से अलग-अलग बात की। मीडिया में कयास लगने लगे। आग्रह है, कयास न लगाएं। डॉ. मोहन यादव ही सीएम हैं। मेरे लिए पार्टी का आदेश सबकुछ है। मैंने पहले प्रदेश की सेवा की, अब देश की कर रहा हूं। अंतिम सांस तक करूंगा। सीएम डॉ. मोहन यादव बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। हमारा प्रयास है मान-सम्मान में कभी कमी न आए।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पीएम आवास, कल्याणी पेंशन, परिवार सहायता, संबल, दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन समेत सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र दिए। कहा- सीहोर की पावन धरती 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के बिगुल की साक्षी है। जैसे जलियांवाला बाग में क्रांतिकारियों ने प्राण न्यौछावर किए, वैसे ही यहां 356 क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया।
Updated on:
08 Jun 2025 07:59 am
Published on:
08 Jun 2025 07:59 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
