
बुनयादी सुविधाएं नहीं होने से आंगनबाड़ी में हो रही परेशानी
भोपाल/सूरज नगर. एकीकृत बाल विकास विभाग द्वारा राजधानी एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित हो रही आंगनबाडिय़ां बुनियादी सुविधाओं को तरस रही हैं। ये हालात तब हैं जब अधिकारियों द्वारा आंगनबाडिय़ों के जरिये कुपोषण को जड़ से खत्म करने का दावा किया जाता है। वार्ड 26 स्थित सूरज नगर की आंगनबाड़ी का निर्माण तो नौनिहालों को बेहतर स्वास्थ्य एवं प्राथमिक शिक्षा मुहैया कराने के लिए किया गया था, पर अनदेखी के कारण ये आंगनबाड़ी खुद बीमार है। यहां शौचालय तो बनाए गए हैं, पर पाइप फिटिंग नहीं की गई है, इसी तरह यहां दरवाजे तक नहीं लगाए गए हैं।
शौचालय व्यवस्थित नहीं होने से गंदगी आसपास के रहवासी क्षेत्र तक पहुंच रही है। कमोबेश यही स्थिति आंगनबाड़ी भवन की है, निर्माण में बरती गई लापरवाही के कारण दीवारों में दरारें आ गई हैं। आंगनबाड़ी का मुख्य गेट टूटा होने की वजह से यहां कई बार चोरी हो चुकी हैं। इसकी सूचना स्थानीय कर्मचारियों द्वारा विभाग को दी गई, पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। हालात ये हैं कि कार्यकर्ताओं द्वारा जनभागीदारी से केंद्र के लिए बर्तन, दरी एवं अन्य जरूरी सामान की खरीदी की गई है।
गेट के सामने खड़ी कर रहे बसे
भोपाल के कालापानी में यातायात विभाग के ध्यान न देने या यू कहे कि प्राइवेट स्कूल की मनमानी के चलते शासकीय स्कूल कालापानी के लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल के पास एक निजी स्कूल की लगभग 10 से 15 बसे गेट पर ही खड़ी की जा रही है। स्कूल के स्टाप का कहना है कि शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से ड्राइवर बसों को यही खड़ी कर देते है।
घरों के सामने जमा हो रहा सीवेज का गंदा पानी
भोपाल के बावडिय़ां कलां में भले ही शहर की भीड़-भाड़ से बचने और सुकून भरा जीवन बिताने के लिए लोग अपने जीवन भर की कमाई लगाकर अपने आशीयाने खरीद रहे हों। लेकिन उन्हें यहां भी सुकून नहीं मिल पा रहा, इसकी प्रमुख वजह शहर भर में चरमराई हुई सफाई व्यवस्था है। जिसके कारण पॉश कॉलोनियों में मुख्य मार्ग और घरों के सामने गंदगी का अंबार लगा रहता है।
वार्ड-52 स्थित सलैया में करीब एक दर्जन से अधिक पॉश कॉलोनियां स्थित हैं। यहां लोगों द्वारा शहर की भीड़-भाड़ से अलग लाखों रूपए खर्च कर आवास खरीदे गए हैं। लेकिन यहां भी जिम्मेदारों द्वारा कॉलोनियां नगर निगम को हैंडओवर न होने की बात कहकर अपना पीछा छुड़ा लिया जाता है। जिस कारण सलैया मुख्य मार्ग और घरों के सामने पूरे समय सीवेज का गंदा पानी और कचरे का अंबार लगा देखा जा रहा है। रहवासियों की माने तो सफाई कर्मचारी यहां कभी-कभार ही देखे जाते हैं।
Published on:
11 Jul 2018, 3:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.