
चाइनीज मांझा बेचने वालों पर लगेगी रासुका, सरकार ने किया अलर्ट
मध्य प्रदेश सरकार ने पतंगबाजी के त्योहार यानी मकर संक्रांति से पहले चाइनीज मांझे को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सरकार के अनुसार, राज्य में चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई हो सकती है। इस संबंध में मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बड़ा बयान जारी करते हुए कहा है कि, उज्जैन में चाइनीज मांझा बेचने वालों के घर तोड़े गए हैं। मध्य प्रदेश में ऐसे लोगों के खिलाफ रासुका जैसी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में अब सरकार की सख्ती के बाद प्रदेश में चाइनीज मांझे की बिक्री करने वाले खबरदार हो जाएं।
आपको बता दें कि, मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में दो अलग अलग लोगों के खिलाफ चायना डोर बेचने के चलते मकान तोड़ने की कारर्वाई की गई है। इससे पहले मंदसौर में भी एक व्यापारी के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की गई है।
इनके घरों पर चला बुलडोजर
आपको बता दें कि, उज्जैन में आज जिस व्यापारी के खिलाफ कारर्वाई की गई है उसके पास से चाइनीज मांझे की 346 चकरियां बरामद हुई थीं। बुधवार को पुलिस व नगर निगम की टीम ने आरोपी का गांधीनगर स्थित अवैध मकान को जमींदोज कर दिया। मंगलवार को भी श्रीराम नगर में एक आरोपी का मकान तोड़ा गया था। एक साल पहले उज्जैन में 20 साल की छात्रा की चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से जान चली गई थी।
उड़ाते पकड़ाए तो 188 में होगा केस
इस संबंध में कलेक्टर आशीष सिंह ने भी जिले में चाइनीज मांझे को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रखने के लिए संक्रांति से पहले शहर में चाइना डोर को लेकर धारा 144 लागू कर बिक्री पर रोक लगा दी है। साथ ही, उन्होंने चेतावनी भी दी कि, चाइना डोर से पतंग उड़ाने वालों के खिलाफ भी 188 धारा के खिलाफ कार्रवाइ की जाएगी।
ड्रोन से रखेंगे नजर
चाइना डोर चोरी-छिपे बिक रही है, ऐसे लोगों पर पुलिस की नजर है। आरोपियों पर अन्य कानूनी कार्रवाई के साथ उनके मकान भी टूटेंगे, राुसुका में भी जेल जाना होगा।
बेजुबान से प्यार की मिसाल : डॉग की मौत पर किया अंतिम संस्कार, देखें वीडियो
Published on:
5 Jan 2023, 2:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.