
भोपाल. भोपाल में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सर्पदंश से हुई एक महिला की मौत के ठीक पहले जो हुआ वो जानकर सभी लोग हैरान हैं। बताया गया है कि सांप के काटने के बाद जब महिला को दो अस्पतालों में इलाज नहीं मिला तो थक हारकर परिजन उसे एक बाबा के पास ले गए थे जिन्होंने महिला के मरने से पहले एक दावा किया जिस पर महिला ने भी रजामंदी भरी और कुछ ही देर बाद दम तोड़ दिया।
घर में सोते वक्त सांप ने डसा
घटना भोपाल के ईंटखेड़ी इलाके की है जहां एक फार्म हाउस में बने कच्चे मकान में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात सो रही 45 साल की रेखा बाई को सोते वक्त जहरीले सांप ने डस लिया। रेखा बाई की चीख सुनकर पास ही सो रहे पति व बच्चों की नींद खुली तो देखा कि सांप रेखा बाई के पास से जा रहा था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सुबह करीब 4 लीलावती अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजन का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने इलाज न करते हुए चिरायु अस्पताल ले जाने के लिए कहा। चिरायु अस्पताल ले जाने पर भी इलाज नहीं किया गया।
बाबा के दावे पर सिर हिलाने के कुछ देर बाद मौत
दो-दो अस्पतालों में इलाज न मिलने के बाद परिजन थक हारकर रेखा बाई को इलाके में ही झाड़-फूंक करने वाले एक बाबा के पास लेकर पहुंचे। जहां बाबा ने झाड़फूंक करते हुए रेखा बाई से कहा कि तुमने गलती की है और इस साल देवता को राखी नहीं बांधी थी। जिस पर रेखा बाई ने सिर हिलाया और माफी भी मांगी लेकिन कुछ ही देर बाद झाड़ फूंक के दौरान रेखा बाई की मौत हो गई।
Updated on:
18 Aug 2022, 6:37 PM IST
Published on:
18 Aug 2022, 6:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.