
शूटिंग और वॉटर स्पोर्टस का हब बना एमपी का यह शहर, इंटरनेशनल खिलाड़ी हो रहे तैयार
योगेंद्र सेन/भोपाल. मध्यप्रदेश में अब शूटिंग और वॉटर स्पोर्टस का क्रेज दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। अन्य खेलों के साथ-साथ अब यहां के युवाओं में शूटिंग और वॉटर स्पोर्टस के प्रति रूचि भी बढ़ती जा रही है। यही कारण है कि यहां गांव-गांव से उभर कर सामने आ रही प्रतिभाओं को तराश कर इंटरनेशनल लेवल तक पहुंचाया जा रहा है।
कभी हॉकी की नर्सरी के नाम से विख्यात भोपाल अब शूटिंग और वाटर स्पोट्र्स का हब बन रहा है। मप्र राज्य शूटिंग अकादमी और मप्र राज्य वाटर स्पोट्र्स अकादमी के खिलाड़ी न सिर्फ राष्ट्रीय बल्की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना जलवा बिखेर रहे हैं। मेडल ला रहे हैं। शूटिंग में बढ़ते कद का नतीजा है कि अगले महीने जनवरी 2022 में रायफय और शॉटगन के नेशनल सलेक्शन ट्रायल भी भोपाल में होने जा रहे हैं। अभी भोपाल में 64वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग चैंपियनशिप चल रही है। वहीं, वाटर स्पोट्र्स अकादमी के खिलाड़ी एशियन गेम्स की तैयारी में जुटे हैं। इसके लिए विदेशी कोच भी बुलाए जा रहे हैं।
बिशनखेड़ी स्थित मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी में वो सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो एक बड़े आयोजन के लिए जरूरी होती हैं। 50 मीटर की नई रेंज तैयार होने को है। जबकि 25 मीटर और 10 मीटर की अत्याधुनिक सुविधा वाली रेंज पहले से ही तैयार है। ट्रेप एंड स्कीट के तीन सेटअप हैं। दो और बनाए जा रहे हैं। यहां एशियाड का नेशनल कैंप भी आयोजित किया गया था। जिसमें देश के टॉप शूटर्स ने हिस्सेदारी
की थी।
36 इंटरनेशनल शूटर, 80 इंटरनेशनल मेडल
2009 में 37 एकड़ क्षेत्र में बनी इस शूटिंग एकेडमी ने अब तक करीब 36 इंटरनेशनल शूटर दिए हैं। इन खिलाडिय़ों ने 80 इंटरनेशनल मेडल जीते हैं। रियो ओलिंपिक कोटा दिलाने वाले ऐश्वर्य प्रताप सिंह और चिंकी यादव ने बंदूक पकडऩा और ट्रिगर दबाना यहीं सीखा है। अकादमी में करीब 90 शूटर हैं। इनमें से 30-30 पिस्टल-राइफल और 26 शॉटगन के हैं।
खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तीन अकादमी
भारत सरकार ने भविष्य के चैम्पियन तैयार करने के लिए मप्र राज्य शूटिंग, रोइंग तथा हॉकी अकादमी को खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया। मप्र को 19 करोड़ मंजूर हुए।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 की मेजबानी
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 की मेजबानी के लिए भोपाल तैयार है। खेल विभाग को खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 के लिए सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है, औपचारिक घोषणा बाकी है।
मप्र के खाते में अवार्ड
-2020 में याटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने नेशनल सेलिंग स्कूल भोपाल को वर्ष 2012, 2015 और 2018 में एडमिरल कोहली अवार्ड दिया।
- वर्ष 2017 में नेशनल सेलिंग स्कूल को बेस्ट क्लब ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मिला।
- सेलिंग खिलाड़ी हर्षिता तोमर को 2015, 2017 और 2018 में याट्स पर्सन ऑफ द ईयर अवार्ड मिला।
- वर्ष 2017 में राम मिलन यादव और 2018 में गोविंद बैरागी को मोस्ट प्रमोसिंग ऑफ द ईयर तथा उमा चैहान को बेस्ट वूमेन सेलर का अवॉर्ड मिला।
- शूटर चिंकी यादव और एश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने भारत के लिए टोक्यो ओलिंपिक कोटा हासिल किया था।
भोपाल अब शूटिंग का हब बनता जा रहा है। हमारे खिलाड़ी नेशनल-इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले पांच साल से ओलिंपिक की तैयारी चल रही थीं। हमारा लक्ष्य अब अगले ओलिंपिक में मेडल लाना है। खिलाडिय़ों के साथ इसकी विभिन्न स्तर पर तैयारी चल रही है।
-मनशेर सिंह, चीफ कोच, मप्र शूटिंग अकादमी
वाटर स्पोट्र्स में भोपाल अलग पहचान बना रहा है। यहां के खिलाड़ी नेशनल, इंटरनेशनल लेवल पर मेडल जीत रहे हैं। इस वक्त अकादमी में 150 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। भोपाल में जो सुविधाएं हैं वे संभवत: दूसरी जगह नहीं हैं। अब हमारा लक्ष्य एशियन गेम्स पर है। इसके बाद ओलिंपिक बड़ा लक्ष्य है।
-जीएल यादव, चीफ कोच, मप्र वाटर स्पोट्र्स अकादमी
Published on:
9 Dec 2021, 10:02 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.