
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
बिजनौर. तीन दिन पहले झालू में दिनदहाड़े हुए रचित हत्याकांड के पांचवें आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को एसपी ने फरार आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। देर रात ही एसपी ने हल्दौर ने थाना प्रभारी और झालू चौकी प्रभारी समेत 5 सिपाहियों को इस मामले में सस्पेंड कर दिया था। सोमवार को रचित के हत्यारोपी 25 हजार के इनामी आसिफ को झालू से गिरफ्तार किया है। जबकि चार आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
गौरतलब है कि बिजनौर के हल्दौर थाना इलाके के झालू के बाजार में तीन दिन पहले दिनदहाड़े रचित नाम के युवक की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गयी थी। रचित के चार हत्यारोपियों को पुलिस ने मौके से उसी दिन ही पकड़ लिया था। वहीं हत्या का पांचवां आरोपी आसिफ मौके से फरार हो गया था। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही थी, लेकिन आसिफ को नही पकड़ पा रही थी। लगातार मृतक के परिजनों और भाजपा नेताओं के द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी। धरना प्रदर्शन किया जा रहा था।
एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने आसिफ पर 25 हजार का इनाम तक घोषित कर डाला था। सोमवार को 25 हजार के इनामी आसिफ को दरोगा प्रवेंद्र तोमर ने आसिफ को उसके चाचा के घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मृतक रचित की क्राइम हिस्ट्री थी। मृतक रचित के खिलाफ हल्दौर और बिजनोंर थानों में 6 संगीन मुकदमे दर्ज थे। मृतक के खिलाफ पुलिस ने गुंडा एक्ट तक की कार्यवाही भी कर रखी थी। अब उसके हत्या के आरोपियों के खिलाफ रासुका और एनएसए के तहत कार्यवाही भी की जाएगी।
Published on:
08 Feb 2021 04:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
