
Bikaner : लूणकरनसर. घटनास्थल का मुआयना करती पुलिस। फोटो पत्रिका
Bikaner : लूणकरनसर में बिजली की तांबे की केबल चोरी करने पहुंचे दो युवकों को शायद अंदाजा नहीं था कि जिस केबल को काटने के लिए कटर चलाएंगे, वही उनकी मौत का कारण बन जाएगी। बामनवाली के 33 केवी विद्युत उपकेंद्र से सोढ़वाली जा रही लाइन में शुक्रवार रात केबल काटते समय करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वारदात में शामिल अन्य लोगों के भागने की आशंका से पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
कार्यवाहक थानाधिकारी हरपाल थोरी के अनुसार बामनवाली जीएसएस से सोढ़वाली गांव तक 11 केवी विद्युत लाइन जाती है। सौर ऊर्जा की बड़ी लाइनों के क्रॉसिंग क्षेत्र में खुली विद्युत लाइन हटाकर मैसर्स केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड ने भूमिगत तांबे की केबल डाली हुई थी। शुक्रवार रात कुछ लोग इसी केबल को काटकर चोरी करने पहुंचे। लोहे के बड़े कटर से केबल काटने के दौरान प्रवाहित तार की चपेट में आने से दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान जामसर थाना क्षेत्र के धोलेरा निवासी भगवानसिंह (16 वर्ष) पुत्र नवलसिंह राजपूत और बीकानेर के मुक्ताप्रसाद नगर निवासी रेवन्तराम (20 वर्ष) पुत्र अणतुराम कुम्हार के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव लूणकरनसर के राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस को आशंका है कि दोनों युवक अकेले नहीं थे। करंट लगने के बाद उनके साथ आए अन्य लोग मौके से भाग गए होंगे। पुलिस घटनास्थल से मिले सुरागों और वारदात में इस्तेमाल सामान के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
थानाधिकारी ने बताया कि फिलहाल हादसे को लेकर मर्ग दर्ज की गई है। बिजली की केबल काटकर चोरी करने के प्रयास का मामला भी दर्ज किया जाएगा। पुलिस यह पता लगा रहे है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और केबल चोरी के पीछे उनका पूरा नेटवर्क क्या था।
Updated on:
03 Oct 2026 09:09 pm
Published on:
03 Oct 2026 09:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
