30 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

हनुमान बेनीवाल पहुंचे बीकानेर, बोले- पंचायत चुनाव में तीसरी ताकत के रूप में उभरेगी RLP

RLP सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने बीकानेर में आगामी पंचायतराज चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी राजस्थान के 30 जिलों में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी और भाजपा-कांग्रेस के बीच तीसरे विकल्प के तौर पर अपनी जगह मजबूत करेगी।
2 min read
Google source verification
Hanuman Beniwal

Bikaner: सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हनुमान बेनीवाल (फोटो-पत्रिका)

बीकानेर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल बुधवार को बीकानेर पहुंचे। सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने आगामी पंचायतीराज चुनाव, निकाय चुनाव में कथित गड़बड़ियों और प्रदेश की राजनीतिक स्थिति को लेकर अपनी बात रखी। बीकानेर पहुंचने पर RLP कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रभारी दानाराम घिंटाला के नेतृत्व में बेनीवाल का स्वागत किया।

बेनीवाल ने दावा किया कि आगामी पंचायतराज चुनाव में RLP राजस्थान की राजनीति में तीसरी ताकत के रूप में मजबूती से उभरेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश के 30 जिलों में पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उनके मुताबिक मौजूदा राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए RLP 11 से 18 जिलों में जिला प्रमुख बनाने की स्थिति तक पहुंच सकती है।

पानी की बोतल के चुनाव चिन्ह पर उतरेगी पार्टी

बेनीवाल ने कहा कि पिछले पंचायतीराज चुनाव में RLP ने 52 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस बार भी पार्टी पानी की बोतल चुनाव चिन्ह के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों प्रमुख दलों से जनता परेशान है और अब तीसरे विकल्प के लिए जगह बन रही है। हालिया निकाय चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत को भी उन्होंने इसी राजनीतिक बदलाव का संकेत बताया।

चुनावी गड़बड़ियों पर भाजपा-कांग्रेस को घेरा

निकाय चुनावों में कथित गड़बड़ियों को लेकर बेनीवाल ने सत्ता और पुलिस के इस्तेमाल पर सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा की कार्यशैली को ‘अघोषित आपातकाल’ जैसा बताया। वहीं कांग्रेस पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी पारदर्शिता के मुद्दे को वह अपने राजनीतिक हित के लिए इस्तेमाल करना चाहती है और छोटे दलों के लिए राजनीतिक स्थान सीमित करने की कोशिश करती है।

बीकानेर नगर निगम के उपमहापौर चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर बेनीवाल ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि दोनों दलों ने मिलकर अल्पसंख्यक प्रत्याशी को हराया। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित दलों की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कांग्रेस और गांधी परिवार पर भी साधा निशाना

बेनीवाल ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, सोनिया गांधी और गांधी परिवार को देश की सत्ता से ज्यादा अपने परिवार की चिंता है। उनका आरोप था कि कांग्रेस गंभीरता से सरकार बनाने की कोशिश करने के बजाय दूसरी राजनीतिक ताकतों को मजबूत होने से रोकने में लगी है।

RLP सुप्रीमो ने कहा कि पार्टी पंचायत चुनाव के साथ 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को भी ध्यान में रखते हुए संगठन विस्तार पर काम कर रही है। बीकानेर प्रवास के बाद बेनीवाल श्रीगंगानगर के लिए रवाना हो गए।