
रामदेवरा यात्रा
बीकानेर . विश्वशांति एवं सर्वधर्म एकता रामदेवरा बस यात्रा मंगलवार को नत्थूसर गेट के गोकुल सर्किल से रवाना हुई। यात्रा में दर्जनों बसों के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के जयकारों के साथ रामदेवरा के लिए रवाना हुए। यात्रा के लिए सुबह से शुरू हुआ बसों की रवानगी का क्रम शाम तक अनवरत जारी रहा। यात्रा संयोजक पंडित जुगल किशोर ओझा के सानिध्य में कार्यकर्ताओं ने बसों की रवानगी से संबंधित कार्यो में सहयोग किया।
रामदेवरा यात्रा के लिए दर्जनों बसों की रवानगी के कारण गोकुल सर्किल से मुरलीधर व्यास नगर जाने वाली रोड तक भीड़भाड़ रही। बड़ी संख्या में यात्री होने के कारण गोकुल सर्किल पर शीतल जल और टैंट की व्यवस्थाएं की गई। बसों की रवानगी के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष जनार्दन कल्ला, पूनम चंद बोहरा आदि उपस्थित रहे।
यात्रा संयोजक पंडित जुगल किशोर ओझा के अनुसार रामदेवरा बस यात्रा बीकानेर से कोडमदेसर, कोलायत, बाप, फलौदी होते हुए रामदेवरा पहुंचेगी। तीन दिनों तक बाबा रामदेव का दर्शन, पूजन, भक्ति संगीत कार्यक्रम व महाप्रसाद के आयोजन होंगे। शरद पूर्णिमा के दिन रामदेवरा से वापसी होगी। शहर के विभिन्न स्थानों से भी श्रद्धालु रामदेवरा के लिए रवाना हुए।
बेटियों ने की मुफ्त यात्रा
रामदेवरा बस यात्रा की 53 वर्षो से चली आ रही व्यवस्था के तहत मंगलवार को भी बेटियों ने बसों में मुफ्त यात्रा की। अपने माता-पिता और परिवारजनों के साथ यात्रा कर रही बालिकाओं और युवतियों से आने जाने का किराया नहीं लिया गया। बालिकाओं और युवतियों को निशुल्क यात्रा की यह परम्परा ५३ वर्षों से निरन्तर चल रही है।
'उड़ान' ने की पार्क की सफाई
बीकानेर. लायंस क्लब उड़ान की ओर से सोमवार को गांधी जयंती के अवसर पर पवनपूरी स्थित लायन पार्क में विचार संगोष्ठी के साथ सफ ाई अभियान चलाया गया। क्लब की रेणु जोशी ने बताया की क्लब के सभी सदस्यों ने पहले गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। उसके बाद सभी ने मिल कर पुरे पार्क की सफ ाई की। इस अवसर पर सोनिया चांदना, डॉ. गुरजीत कौर, आशा पारीक, डॉ. प्रीति गुप्ता, शकुंतला वर्मा, मंजू आचार्य, वरुणा पुरोहित, कमला नेन, निर्मला गोयल, डॉ. ममता सिंह आदि मौजूद थे।
Published on:
4 Oct 2017, 1:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.