
पीबीएम में भर्ती पूनम। फोटो पत्रिका
बीकानेर। विवाहिता को एसिड पिलाने का सनसनीखे मामला सामने आया है। फिलहाल वह पीबीएम अस्पताल में भर्ती है। इस संबंध में विवाहिता के पिता सुदर्शना नगर निवासी हनुमानदास सेवग ने पति लोकेश शर्मा, ससुर महेन्द्र सेवग, सास रतन शर्मा एवं ननद खुशबू के खिलाफ जय नारायण व्यास कॉलोनी थाने में मामला दर्ज कराया है।
परिवादी ने बताया कि उसकी बेटी पूनम की शादी आठ फरवरी, 2014 को लोकेश शर्मा के साथ हिन्दू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास-ससुर विवाह अच्छा नहीं करने और दान-दहेज कम देने का उलाहना देकर परेशान करने लगे। आरोपियों ने प्रिंटिंग प्रेस का काम बढ़ाने के लिए 15 लाख रुपए की मांग की। बेटी को दुखी देख कर जैसे-तैसे व्यवस्था कर पांच लाख रुपए और दिए गए।
परिवादी ने बताया कि पूनम के दो बेटे हैं। बेटे होने के बाद भी पति, सास-ससुर के व्यवहार में बदलाव नहीं आया। आरोपियों ने दो दिसंबर, 22 को पूनम को जबरन टॉयलेट साफ करने वाला एसिड पिला दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। बाद में इस गलती के लिए आरोपियों ने क्षमा मांग ली। परिवार व समाज के बीच-बचाव करने पर पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया। इसके बाद भी आरोपी नहीं सुधरे।
सात जून को बेटी पूनम ने अपने भाई मनीष को फोन कर कहा कि उसे ले जाओ, नहीं तो यह लोग मुझे मार देंगे। इस दिन आरोपियों ने पूनम के साथ मारपीट की और उसे फिर से टॉयलेट साफ करने के काम में लेने वाला एसिड पिला दिया और घर से बाहर निकाल दिया।
परिवादी ने बताया कि पूनम की तबीयत खराब होने के बावजूद वह सट्टा बाजार स्थित गणेश मंदिर पहुंची, जहां मेरे भाई शंकरलाल मिले, जो उसे पीबीएम अस्पताल ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
11 Jun 2025 05:35 pm
Published on:
11 Jun 2025 05:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
