
Political News
बीकानेर. चुनाव रण में प्रतिद्वंद्वी को मात देने के लिए अब तैयारियां तेज हो गई है। दोनों बड़ी राजनीतिक पार्टियां भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे की हर गतिविधि पर नजर रख रही है। भाजपा ने एक कदम और आगे बढ़ाते हुए हर जिले में कुछ लोगों के समूह को इस काम की जिम्मेदारी दी है। भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे को लेकर प्रतिद्वंद्वी के साथ उन बागियों पर भी नजरें गड़ा रखी है जो पार्टी की जीत में खलल डालने के लिए सक्रिय है।
निगरानी समूह पार्टी से नाराज चल रहे जाति व वर्ग समूहों के बड़े नेता के यहां आने पर उसकी हर गतिविधि की जानकारी प्रदेश संगठन को भेज रहे है। इसमें वह नेता किस-किस से मिला, किसके पास ठहरा और क्या-क्या बोलकर गया। साथ ही उसे मीडिया कवरेज क्या मिली, लोगों का कितना समर्थन मिला इसकी जानकारी भी दी जा रही है। कांग्रेस के बड़े नेता के भाषण और संबोधन को भी पार्टी मुख्यालय तक भेजा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर आइटी की नजर
भाजपा और कांग्रेस दोनों की आइटी सेल चुनाव को लेकर काफी सक्रिय हो गई है। वे पोस्ट वायरल करने के साथ ही प्रतिद्वंद्वी पार्टी की पोस्ट पर भी नजर रख रहे है। स्थानीय बड़े मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर सक्रिय स्थानीय लोगों के रूख आदि का फीडबैक भी आइटी सेल मुख्यालय भेज रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यालय को भी यहां के मुद्दों, राजनीतिक समीकरण और कांग्रेस के बड़े नेताओं के बयानों की जानकारी भेजी जा रही है। ताकि यहां आने पर वह जवाब दे सकें।
अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज आएंगे
बीकानेर. भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब्दुल रशीद अंसारी बीकानेर आएंगे। शहर जिलाध्यक्ष असद रजा भाटी ने बताया कि रविवार को होटल वृंदावन में अल्पसंख्यक मोर्चा की बीकानेर संभाग पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें संभाग के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू जिले के मोर्चा एवं मंडल पदाधिकारी शामिल होंगे। संगठन की चुनावी तैयारी पर चर्चा होगी।
Updated on:
23 Sept 2018 09:54 am
Published on:
23 Sept 2018 09:54 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
