
rajasthan election : Union Home Minister Rajnath Singh
नोखा. केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को नोखा में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा में कांग्रेस के नेताओं पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि अभिताभ बच्चन के 'कौन बनेगा करोड़पति' सीरियल की तर्ज पर कांग्रेस राजस्थान में 'कौन बनेगा मुख्यमंत्री' खेल रही है। कांग्रेस को राजनीति सरकार बनाने के लिए नहीं, देश बनाने के लिए करनी चाहिए।
गृहमंत्री ने आक्रोश भरे लहजे में कहा कि कांग्रेस के नेता सारी मर्यादाओं को तोड़ रहे हैं, वे चौकीदार को चोर बता रहे हैं। उन्हें यह पता नहीं कि प्रधानमंत्री व्यक्ति नहीं, एक संस्था होती है। जनता मर्यादाओं का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं करेगी। राजनाथ की सभा नोखा क्षेत्र के राजपूत वोटरों को भाजपा के पक्ष में करने के उद्देश्य से कराने की छाप भी नजर आई। भाजपा नेता देवीसिंह भाटी के साथ नोखा के स्थानीय राजपूत नेता भी मंच पर बुलाए गए।
ये रहे मंचस्थ
सभा में मंच पर भाजपा प्रत्याशी बिहारी लाल बिश्नोई, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष सहीराम दुसाद, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष भंवरलाल जांगिड़, सरोज मरोठी, प्रतापसिंह राठौड़, सूरजमल उपाध्याय, आसकरण भट्टड़, भूपसिंह, बाबूलाल जैन, डूंगरराम सींवर, शंकरलाल सोनी, जगदीश भार्गव, जेठुसिंह राजपुरोहित, प्रभुदयाल पारीक, रामलाल प्रजापत, भीखाराम मेघवाल, राणु सिंह, कैलाश पारीक, पंकज जोशी आदि मौजूद रहे।
इस बार इतिहास दोहराएंगे
राजनाथ ने कहा कि राजस्थान में एक बार कांग्रेस तो एक बार भाजपा की सरकार बनती रही है, लेकिन स्वर्गीय भैरोंसिंह शेखावत के समय लगातार दूसरी बार भाजपा सरकार बनी थी। इस बार वसुंधरा के नेतृत्व में लगातार दूसरी बार सरकार बनेगी।
२०३० में टॉप-३ में होंगे
गृहमंत्री सिंह ने कहा कि देश के ही नहीं, अन्य देशों के अर्थशास्त्री भी मानने लगे हैं कि भारत की अर्थव्यस्था तेजी से बढ़ रही है। साल २०१४ में हम टॉप १० में ९वें स्थान पर थे और अब छठे स्थान पर आ गए हैं। साल २०३० में टॉप-३ में आकर खड़े हो जाएंगे।
बारात निकाल दी, दूल्हे का पता नहीं..
राजनाथ सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा, 'कांग्रेस की हालत ठीक वैसी ही हो रही है, जैसे बारात तो निकाल दी और दूल्हे का पता ही नहीं। चुनाव लड़ रहे हैं और मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका कोई पता नहीं है। वे डर रहे है कि मुख्यमंत्री प्रत्याशी की घोषणा करते ही कांग्रेस खंड-खंड हो जाएगी।'
कांग्रेस ३६ कौम को बांट रही
राजनाथ ने कांग्रेस पर राजनीति करने के लिए ३६ कौम को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष अपनी जाति, गौत्र व पंथ बता रहे हैं। ऐसा करिश्माई काम कांग्रेस के नेता ही कर सकते हैं। भाजपा ३६ कौम को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती हैं। भारत की राजनीति इंसाफ व इंसानियत पर चलेगी। भारत ने विश्व को वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश दिया है।
गोलियों का नहीं रखेंगे हिसाब
राजनाथ सिंह ने कहा, 'पाकिस्तान बाज नहीं आ रहा तो हमने भी सेना को कह दिया कि अब पहली गोली उधर से चलेगी, तो हम भी गोलियां गिनेंगे नहीं। उनका हिसाब नहीं लिया जाएगा।'
Published on:
28 Nov 2018, 9:32 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.