
इंदिरा गांधी नहर
बीकानेर . इंदिरा गांधी नहरों में वरीयता के दौरान पानी की आपूर्ति तथा पानी चोरी रोकने के लिए जिला कलक्टर की अध्यक्षता में बनी कमेटी निष्क्रिय है। पानी चोरी हो रही है। कई काश्तकारों ने मोघों के साइज बड़े कर लिए हैं। साइफन से भी पानी चोरी हो रही है। श्रीकोलायत लिफ्ट 45 किलोमीटर लम्बी है। इसमें से 0 से 30 किलोमीटर तक तो पानी पहुंचता है। 30 से 45 किलोमीटर तक पानी नहीं पहुंच रहा है। यह आरोप कांग्रेस के श्रीकोलायत क्षेत्र के विधायक भंवर सिंह भाटी ने लगाया है।
विधायक भाटी ने मंगलवार को 'पत्रिका' से बातचीत में बताया कि नहर विभाग ने नहरों से सिल्ट नहीं निकाली है। नहरों से पानी चोरी हो रहा है। इससे टेल क्षेत्र के काश्तकारों को सिंचाई का पानी नहीं मिल रहा है। जिला कलक्टर की अध्यक्षता में बनी कमेटी में उपखण्ड अधिकारी और क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों को पानी चोरी रोकने तथा नहर की वरीयता सही संचालन करने के लिए निगरानी करनी होती है लेकिन यह कार्य नहीं हो रहा है।
इस बैठक में भी चार में से दो समूहों में पानी चलाने की मांग रखी जानी है। नहर के प्रथम एवं द्वितीय चरण की कमेटियों की बैठक में आए सुझावों के आधार पर नहरों की वरीयता संभागीय एवं आयुक्त क्षेत्रीय विकास (सीएडी) वरीयता का निर्धारण करेंगे।
वेतन नहीं मिलने पर कार्य बहिष्कार
बीकानेर. पीबीएम अस्पताल में ठेके पर लगे कार्मिकों को समय पर वेतन का भुगतान नहीं हो रहा है। इससे परेशान रेडियोलॉजी विभाग में ठेके पर कार्यरत सहायक रेडियोग्राफरों ने मंगलवार को कार्य बहिष्कार कर दिया। करीब दो घंटे बाद काम पर लौटे तब तक मरीज परेशान होते रहे। पिछले चार दिन से अवकाश के चलते मंगलवार को अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ रही। ट्रोमा सेंटर में महिला व पुरुषों की लंबी कतारें लगी रही।
ऐसे में ठेके पर कार्यरत सहायक रेडियोग्राफरों ने वेतन नहीं मिलने पर काम करने से इनकार कर दिया। सुबह नौ बजे से 11 बजे तक काम नहीं किया। तब तक मरीज परेशान रहे। ट्रोमा सेंटर में सुबह नौ से 11 बजे तक आपातकालीन मरीजों के ही एक्स-रे किए जा सके। ट्रोमा सेंटर में 10 सहायक रेडियोग्राफर ठेके पर लगे हुए हैं। इन कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलता है। पूर्व में भी इन्होंने कार्य का बहिष्कार किया तब जाकर वेतन मिला। पीबीएम अधीक्षक डॉ. पीके बैरवाल से मिलकर सहायक रेडियोग्राफरों ने अपनी समस्या बताई। अधीक्षक ने दो दिन में वेतन दिलवाने का भरोसा दिलाया और काम पर लौटने का आग्रह किया।
Published on:
4 Oct 2017, 2:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.