
अरुणा ईरानी ने इंस्टाग्राम पर पति कुकू कोहली के निधन के बाद वीडियो शेयर किया (Photo Source- Instagram/arunairanikohli)
Aruna Irani Emotional on Late husband Kuku Kohli: बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी (Aruna Irani) इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रही हैं। 25 अगस्त को उनके पति और मशहूर फिल्म निर्माता कुकू कोहली (Kuku Kohli) का निधन हो गया था, जिसके बाद अभिनेत्री टूट गई हैं। अब लंबे अरसे बाद अरुणा ईरानी ने अपने प्रशंसकों के नाम एक बेहद भावुक वीडियो मैसेज शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने मुश्किल समय में उनका साथ देने और उन्हें सांत्वना देने के लिए अपने सभी फैंस और शुभचिंतकों का धन्यवाद किया है।
अरुणा ईरानी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक वीडियो शेयर किया है। जिसमें उनके चेहरे पर फैंस के लिए एक गहरा अपनापन साफ झलक रहा है। वीडियो में उन्होंने हाथ जोड़कर अपने चाहने वालों का अभिवादन किया और कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनके जीवन के इस सबसे बुरे दौर में उन्हें देश-दुनिया से इतना प्यार और समर्थन मिलेगा।
अभिनेत्री ने नम आंखों से कहा, "कुकूजी के निधन के बाद आप सभी ने मुझे जो प्यार और समर्थन दिया, उसके लिए मैं बहुत-बहुत आभारी हूं। मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि मेरे इतने कठिन समय में आप सभी मेरे साथ हैं, मेरे सहारा बने हुए हैं। उसी प्यार और उसी समर्थन की वजह से आज मैं आपके सामने खड़ी हूं और दोबारा काम शुरू कर पा रही हूं। मुझे उम्मीद है कि आप सब मेरी आखिरी सांस तक मेरे साथ रहेंगे। वही प्यार जो आपने मुझे दिया। धन्यवाद। बहुत-बहुत धन्यवाद।"
बता दें, 'फूल और कांटे' जैसी सुपरहिट फिल्मों के निर्देशक कुकू कोहली का 25 अगस्त, 2026 को 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया था, जिससे पूरे बॉलीवुड जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी। उनके अंतिम संस्कार के दौरान सफेद कपड़ों में पहुंचीं अरुणा ईरानी का टूट हुआ रूप देखकर हर किसी की आंखें नम हो गई थीं।
अरुणा ईरानी और कुकू कोहली की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं थी। दोनों की पहली मुलाकात एक फिल्म के सेट पर हुई थी, जहां शुरुआत में उनके बीच 'लव-हेट' (प्यार-नफरत) का रिश्ता था। बाद में समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। हालांकि, यह रिश्ता शुरू से काफी पेचीदा था क्योंकि कुकू कोहली पहले से शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे। यही वजह थी कि इस जोड़े ने साल 1990 में जब शादी की, तो इस बात को लंबे समय तक दुनिया से छिपाकर रखा था। कुकू की पहली पत्नी के जीवित रहते अरुणा ने कभी इसे सार्वजनिक नहीं किया, क्योंकि वह उनके परिवार का सम्मान करती थीं। अब पति के जाने के बाद फैंस का यही प्यार अरुणा ईरानी को इस दुख से उबरने और दोबारा अपने काम पर लौटने की ताकत दे रहा है
Updated on:
19 Oct 2026 10:51 am
Published on:
19 Oct 2026 10:33 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
