
2020 के अंत तक Bollywood को होगा 3500 करोड़ का नुकसान- रिपोर्ट
मुंबई। कोरोना के चलते जीवन के हर क्षेत्र में नुकसान देखा गया है। इससे अछूता बॉलीवुड ( Bollywood ) भी नहीं है। कोरोना की वजह से लगे लॉकडाउन ( Lockdown ) और सिनेमाघरों के बंद किए जाने से इंडस्ट्री को काफी नुकसान पहुंचा है। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इस पूरे साल का नुकसान 3500 करोड़ रुपए तक हो सकता है।
दो ही फिल्में होंगी रिलीज
बता दें कि लॉकडाउन में बंद किए गए सिनेमाघरों को 15 अक्टूबर से खोलने की इजाजत दी गई थी। हालांकि इस दौरान भी कई राज्यों में थिएटर्स को नहीं खोला गया। उस पर 50 फीसदी दर्शक क्षमता की पाबंदी के चलते बिजनेस पर काफी असर पड़ा। इस साल सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली नई फिल्मों में केवल दो ही नाम सामने आए हैं। इनमें रणवीर सिंह की '83' ( 83 Movie ) क्रिसमस पर और मनोज बाजपेयी की 'सूरज पर मंगल भारी' ( Suraj Pe Mangal Bhari ) को 13 नवंबर को लॉन्च करने की तैयारी है। इनके इलावा कोई नई मूवी रिलीज करने की घोषणा नहीं की गई है।
छमाही में ही टूटी कमर
लॉकडाउन के दौरान पूरी हुई इंडस्ट्री की छमाही में ही करोड़ों के नुकसान की बात सामने आई थी। कोईमोई की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि ये साल पूरा होने तक बॉलीवुड का नुकसान 3500 करोड़ रुपए हो जाएगा। इसके पीछे फिल्में रिलीज नहीं होने सहित अन्य कारण हैं।
पहले तीन महीने कुछ फिल्मों का ही चला जादू
इस साल के शुरूआती तीन महीनों में कुछ ही फिल्में ऐसी आईं जो दर्शकों को अपनी ओर खींच पाईं। इनमें 'तान्हाजी', 'बागी 3', स्ट्रीट डांसर 3डी, 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान' और मलंग ही अच्छा बिजनेस कर पाईं। कमजोर प्रदर्शन वाली फिल्मों में 'थप्पड़','छपाक','भूत-द हांटेड शीप', 'जवानी जानेमन' जैसे नाम हैं।
इन मूवीज से थी उम्मीद
इस साल कुछ चुनिंदा फिल्में ऐसी थीं जिनसे अच्छे बिजनेस की उम्मीद थी। इनमें 'सूर्यवंशी', 'राधे', 'लाल सिंह चड्ढा', 'सत्येमव जयते 2' और 'ब्रहासत्र' शामिल हैं। हालांकि कोरोना के चलते इन फिल्मों की रिलीज 2021 के लिए टाल दी गई। कुछ अन्य फिल्मों जिनमें 'लक्ष्मी बम','भुज'और कुली नं 1' को ओटीटी पर रिलीज किया जाना है। इससे इंडस्ट्री के नुकसान में इजाफा होना तय है।
Published on:
28 Oct 2020, 9:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.