गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर ( Rabindranath Tagore ) से एक बार उनके पोते ने कहा था- 'दादाजी, हमारे यहां नया पावर हाउस बन रहा है।' टैगोर बोले- 'हां, पुराना उजाला चला जाएगा, नया आएगा।' विभिन्न क्षेत्रों में तरक्की की रफ्तार पर उनका यह कथन सटीक है, लेकिन उनकी कालजयी रचनाओं के पावर हाउस पर लागू नहीं होता। उन्हें दुनिया छोड़े 80 साल होने वाले हैं। इस दौरान साहित्य में अनगिनत प्रकाश पुंज नया उजाला बिखेर चुके हैं, टैगोर की रचनाओं का उजाला अपनी जगह कायम है। इन रचनाओं में जो सूक्ष्म संवेदना है, शिल्प, शब्द-सौंदर्य, भावों की गहराई, गठन-कौशल, सहजता और अभिव्यक्ति की सरसता है, उनका विकल्प दूर-दूर तक नजर नहीं आता। जैसा कि डॉ. बशीर बद्र ने फरमाया है- 'ये चांद-तारों का आंचल उसी का हिस्सा है/ कोई जो दूसरा ओढ़े तो दूसरा ही लगे।'