त्रासदी की शहजादी मीना कुमारी का शेर है- 'जब जुल्फ की कालिख में घुल जाए कोई राही/ बदनाम सही, लेकिन गुमनाम नहीं होता।' सिनेमा के माया-लोक में गुमनामी की गणित समझ से परे है। खासकर उन फनकारों के मामले में, जो पर्दे के पीछे रहते हैं। मसलन कहानीकार, संवाद लेखक, सिनेमेटोग्राफर, गीतकार और संगीतकार। पचास और साठ के दशक में झुमाने वाली धुनें देकर ज्यादातर संगीतकार कामयाबी की सीढिय़ां चढ़ते गए। इज्जत, शोहरत और दौलत उनके कदम चूमती रही। दूसरी तरफ कुछ ऐसे संगीतकार थे, जिनकी धुनों ने तो जमाने को झुमाया, कामयाबी उन पर नहीं झूमी। इनमें एक नाम इकबाल कुरैशी का भी है। उन्हें शास्त्रीय और लोक संगीत की कितनी गहरी समझ थी, 'चा चा चा' की तीन जादुई रचनाएं 'दो बदन प्यार की आग में जल गए/ इक चमेली के मंडवे तले', 'वो हम न थे, वो तुम न थे, वो रहगुजर थी प्यार की' और 'सुबह न आई, शाम न आई' इसका पता देती हैं। इन गीतों ने मोहम्मद रफी की आवाज की चमक और बढ़ा दी। इनकी धुनें बनाने वाले इकबाल कुरैशी की किस्मत ज्यादा नहीं चमकी। जोश मलसियानी के शेर 'मकबूल (स्वीकृत) हों न हों ये मुकद्दर की बात है/ सज्दे किसी के दर पे किए जा रहा हूं मैं' की तर्ज पर इकबाल कुरैशी फिल्मों को अपनी धुनों से सजाते रहे।