संगीतकार सुरीली तबीयत के इंसान होते हैं। अपनी धुन में रहने वाले। हर बात सुर में कहने वाले। हिन्दी सिनेमा के जिस सुरीले इतिहास पर हम धन्य हुए जाते हैं, जाने कितने संगीतकारों के खून-पसीने से रचा गया है। एक से बढ़कर एक कमाल के संगीतकार। लेकिन पर्दे के पीछे के तकनीशियनों की तरह ज्यादातर संगीतकारों के हिस्से में वैसी सुर्खियां नहीं आईं, जो पर्दे पर चमकने वाले अभिनेताओं और अभिनेत्रियों को नसीब हुईं। एन. दत्ता (दत्ता नाइक) ऐसे ही संगीतकार थे। जमाना उनकी जादुई धुनों वाले 'मैंने चांद और सितारों की तमन्ना की थी' (चंद्रकांता), 'धड़कने लगे दिल के तारों की दुनिया' (धूल का फूल), 'सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तां हमारा' (भाई बहन), 'औरत ने जन्म दिया मर्दों को' (साधना), 'पोंछ कर अश्क अपनी आंखों से, मुस्कुराओ तो कोई बात बने' (नया रास्ता) और 'भूल सकता है भला कौन ये प्यारी आंखें' (धर्मपुत्र) जैसे सदाबहार गीतों को आज भी गुनगुना रहा है। गुनगुनाने वालों में बहुत कम होंगे, जो एन. दत्ता के बारे में जानते होंगे। दुनिया इस लाजवाब संगीतकार के बारे में जाने, इस इरादे से उनकी बायोपिक की तैयारी चल रही है। हिन्दी सिनेमा के किसी संगीतकार पर यह पहली बायोपिक होगी।