-दिनेश ठाकुर
जैसे सर्दी में हर तरफ, हर जगह एक जैसी डिजाइन वाले स्वेटर नजर आएं, नए जमाने के फिल्मी गीत उसी तरह एक जैसे हो गए हैं। लगता है, घुमा-फिराकर दो-चार धुनें हर फिल्म में दोहराई जा रही हैं। ताजगी न आवाजों में है, न बोलों में, न धुनों में। गाने कानों के आसपास मंडराकर रह जाते हैं। दिल नहीं छू पाते। रूह में उतरना तो बहुत दूर की बात है। विविधता की चिड़िया फिल्म संगीत से जाने कहां उड़ गई। संगीत की यह हालत उस इंडस्ट्री में है, जहां किसी जमाने में बेशुमार हुनरमंद संगीतकार थे। हरेक की अपनी अलग शैली थी। इनके लिए संगीत कमाई से ज्यादा सृजन और साधना का जरिया था। एस.एन. (श्री नाथ) त्रिपाठी ऐसे ही संगीतकार थे। सुगम-शास्त्रीय और लोक धुनों पर आधारित उनके 'जरा सामने तो आओ छलिए', 'आ लौटके आजा मेरे मीत', 'झूमती चली हवा, याद आ गया कोई' सरीखे दर्जनों गाने आज भी जमाने को झुमा रहे हैं।