सर्जरी के लिए अमिताभ ने साइन किए मेडिकल पेपर्स
'शोले' के अलावा अमिताभ और अमजद खान ने साथ में दो दर्जन से ज्यादा मूवीज में काम किया। इनमें 'गंगा की सौगंध', 'कालिया', 'सत्ते पे सत्ता', 'लावारिश', 'मुकद्दर का सिकंदर', 'याराना', 'नसीब' और मिस्टर नटवरलाल जैसी मूवीज शामिल हैं। अमिताभ ने 2016 में फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में बताया था कि 1979 में दोनों ने 'द ग्रेट गैम्बलर' नाम की मूवी की शूटिंग गोवा में शुरू की थी। मुंबई से गोवा के लिए परिवार के साथ जाते समय अमजद खान की कार का खतरनाक एक्सीडेंट हो गया था। ऐसे में अमजद की मदद के लिए कोई नहीं आया और खुद अभिनेता ने पत्नी और दो बच्चों को पंजिम के एक अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके बाद वह कोमा में चले गए। इस दुर्घटना में अमजद के फेफड़े और रिब्स को गंभीर नुकसान पहुंचा था। अमिताभ ने कहा,'मैं पहले ही गोवा पहुंच गया था और जैसे ही इस दुर्घटना के बारे में खबर मिली, मैं उनसे मिलने अस्पताल गया। स्थिति बहुत गंभीर थी। वह बेहोश थे और सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उन्हें तुरंत सर्जरी की जरूरत थी। डॉक्टर्स ने उन्हें मुंबई ले जाने की राय नहीं दी। तब तक उनके परिवार को मुंबई भेज दिया गया था।'