
Bhool Bhulaiyaa 2
नई दिल्ली: कोरोना महामारी के कारण पिछले साल बॉलीवुड की कुछ ही फिल्में रिलीज हुई थी। कोविड की वजह से कई फिल्मों की शूटिंग भी बंद करनी पड़ी थी। लेकिन इस साल एक के बाद एक कई फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देंगी। काफी वक्त से फिल्म 'भूल भुलैया 2' की चर्चा हो रही हैं। इस फिल्म में एक्टर कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) और कियारा आडवाणी (Kiara Advani) लीड रोल में नजर आएंगे। अब इस फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान हो चुका है।
दरअसल, 'भूल भुलैया 2' की शूटिंग कोरोना के कारण पिछले साल रोक दी गई थी। जिसके बाद से अब तक इस फिल्म की शूटिंग का काम दोबारा शुरू नहीं हो सका है। लेकिन अब फिल्म के को प्रड्यूसर मुराद खेतनी ने फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। मुराद ने ट्वीट कर रिलीज डेट की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, 'हम इस थ्रिलर कॉमिडी के साथ वापसी कर रहे हैं। क्या आप लोग तैयार हैं? 'भूल भुलैया 2' 19 नवंबर 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।'
'भूल भुलैया 2' फिल्म 2007 में रिलीज हुई हॉरर-कॉमिडी फिल्म 'भूल भुलैया' का सीक्वल है। कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी के अलावा इस फिल्म में राजपाल यादव और गोविंद नामदेव भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
कार्तिक आर्यन 'भूल भुलैया 2' के अलावा राम माधवानी की फिल्म 'धमाका' और करण जौहर की फिल्म 'दोस्ताना 2' में भी लीड रोल में नजर आएंगे। वहीं, बात करें कियारा आडवाणी की तो वह फिल्म 'शेरशाह' में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में उनके साथ एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा (Sidharth Malhotra) लीड रोल में नजर आएंगे। ये फिल्म 2 जुलाई को रिलीज होने वाली हैं। बता दें कि इन दिनों कियारा और सिद्धार्थ की डेटिंग की खबरें भी काफी उड़ रही हैं। दोनों को कई मौकों पर साथ में देखा जाता है। न्यू ईयर के मौके पर भी दोनों ने साथ में मालदीव में छुट्टियां बिताई थी।
Published on:
22 Feb 2021 11:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
