
कुणाल खमू ने फिल्म वाइब को लेकर किया पोस्ट (Photo Source- Twitter/@MyGurujiAnand)
Kunal Khemu Post On New Movie Vibe: बॉलीवुड के अभिनेता, लेखक और निर्देशक कुणाल खेमू (Kunal Kemmu) इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज हुई एक्शन-कॉमेडी फिल्म 'वाइब' (Vibe) को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। साल 2024 की सुपरहिट कॉमेडी फिल्म 'मडगांव एक्सप्रेस' (Madgaon Express) की शानदार सफलता के बाद, कुणाल अब 'वाइब' के साथ एक बार फिर निर्देशन और लेखन में अपनी धाक जमा चुके हैं। इस फिल्म के जरिए उन्होंने एक प्रोड्यूसर (Producer) के तौर में भी अपना डेब्यू किया है। फिल्म को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स और पॉजिटिव रिव्यू के बीच कुणाल खेमू ने एक पोस्ट शेयर करते हुए सभी का धन्यवाद किया है।
कुणाल खेमू ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर 'वाइब' के रिव्यू का मोंटाज वीडियो पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने एक भावुक और दिल को छू लेने वाला कैप्शन भी लिखा।
कुणाल ने अपनी फिल्ममेकिंग जर्नी के बारे में बात करते हुए लिखा, "अलग और नई चीजें आजमाने की कोशिश करना मेरे लिए एक शानदार सफर रहा है। एक्टिंग, राइटिंग, डायरेक्टिंग और अब प्रोड्यूसिंग… मेरा यकीन मानिए, सिर्फ एक चीज जो मुझे लगातार आगे बढ़ाती है, वह है फिल्मों के प्रति मेरा कभी न खत्म होने वाला प्यार और वह जबरदस्त सपोर्ट जो आप लोगों ने हमेशा मुझे दिया है। मैं बस आपको एंटरटेन करना चाहता हूँ और गर्व महसूस कराना चाहता हूँ। मैं आपका सारा प्यार देखता हूं और हर फीडबैक सुनता हूं।"
इसके साथ ही उन्होंने दर्शकों से अपील करते हुए लिखा कि अगर उन्होंने अभी तक अपने दोस्तों के साथ 'वाइब' नहीं देखी है, तो इसे अपने वीकेंड प्लान में जरूर शामिल करें।
फिल्म 'वाइब' की बात करें तो यह कुणाल खेमू की निर्देशक के तौर पर पहली फिल्म 'मडगांव एक्सप्रेस' का ही एक दिलचस्प स्पिन-ऑफ (Spin-off) है। इस फिल्म में 'मडगांव एक्सप्रेस' का लोकप्रिय किरदार 'हार्दिक' (जो खुद कुणाल ने निभाया था) एक स्पेशल अपीयरेंस में नजर आ रहा है।
यह फिल्म दो बेहद जिगरी दोस्तों- हार्दिक और बग्स की कहानी पर आधारित है। इनमें से एक पूरी तरह बेवकूफ है तो दूसरा नियमों से बंधा हुआ इंसान है। कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब अनजाने में दोनों को 'मैडम एच' द्वारा भारत को एक बड़े आतंकवादी खतरे से बचाने के खतरनाक मिशन पर भेज दिया जाता है, जबकि वह इस काम के लिए बिल्कुल भी काबिल नहीं होते।
तीन दशक से भी लंबे एक्टिंग करियर के बाद कुणाल खेमू अब फिल्ममेकिंग के हर पहलू में अपना परचम लहरा रहे हैं। 'वाइब' में प्रीति जिंटा (Preity Zinta) के साथ-साथ युवा कलाकार स्पर्श श्रीवास्तव और वंशिका धीर भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। कुणाल की इस नई 'वाइब' को बॉक्स ऑफिस और ओटीटी पर दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है।
Updated on:
21 Sept 2026 11:13 am
Published on:
21 Sept 2026 10:51 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
