
Rakul Preet Breaks Silence Singh On IT Raid: बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह (Rakul Preet Singh) ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट (IT) द्वारा अपने ठिकानों पर छापेमारी की खबरों पर चुप्पी तोड़ी है। सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में वित्तीय गड़बड़ियों और बेनामी संपत्ति को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अभिनेत्री ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है। रकुल ने इन तमाम रिपोर्ट्स को पूरी तरह 'झूठा, भ्रामक और गलत इरादे से बनाया गया' करार देते हुए साफ किया कि उनके खिलाफ कोई सर्च ऑपरेशन या कार्रवाई नहीं हुई है।
रकुल प्रीत सिंह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक विस्तृत नोट शेयर किया है। उन्होंने बिना तथ्य जांचे खबरें चलाने वाले मीडिया हाउस और डिजिटल पत्रकारों को आड़े हाथों लिया।
रकुल प्रीत सिंह ने लिखा, "बिना फैक्ट्स वेरिफाई किए खबरों को सनसनीखेज बनाने का ट्रेंड देखना बेहद दिल तोड़ने वाला है। इसलिए मैं एक बार और हमेशा के लिए सच साफ कर देना चाहती हूं- यह आईटी सर्च मुझसे बिल्कुल भी जुड़ा हुआ नहीं था। मैं एक आर्म्ड फोर्सेज (सेना) के बैकग्राउंड से आती हूं और इस इंडस्ट्री में मेरा कोई गॉडफादर नहीं है। मैंने अपनी मेहनत के दम पर पहचान बनाई है और एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर 20 साल की उम्र से नियमित रूप से अपना टैक्स भर रही हूं।"
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए रकुल ने कहा कि न तो उनका और न ही किसी प्रोडक्शन हाउस के जरिए उनका किसी गैर-कानूनी विदेशी लेन-देन या मनी लॉन्ड्रिंग से कोई लेना-देना है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि देश या विदेश में उनके पास कोई बेनामी प्रॉपर्टी नहीं है और न ही उन्होंने कभी किसी से इतने महंगे गिफ्ट स्वीकार किए हैं।
रकुल प्रीत सिंह ने उन मीडिया रिपोर्ट्स का खंडन करते हुए, जिनमें दावा किया गया था कि फिल्म फाइनेंसिंग के नाम पर विदेशी फंड में गड़बड़ी के शक में उनके घर 'छापेमारी' हुई थी, एक्ट्रेस ने कहा, "मैं उन सभी मीडिया संस्थानों से गुजारिश करती हूं जिन्होंने यह गलत, मनगढ़ंत और अफवाहों पर आधारित खबरें छापी हैं, वह इन्हें तुरंत वापस लें और सच सामने लाएं। मैं समझती हूं कि मीडिया बिजनेस चलाने के अपने कमर्शियल प्रेशर होते हैं, लेकिन यह किसी की प्रतिष्ठा, आत्मसम्मान और रोजी-रोटी की कीमत पर नहीं होना चाहिए।"
दरअसल, पिछले हफ्ते ऐसी खबरें तेजी से वायरल हुई थीं कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने संदिग्ध फंड ट्रांसफर और फिल्म प्रोजेक्ट्स के विदेशी फाइनेंसिंग मामले में रकुल प्रीत सिंह और उनके ससुर, वरिष्ठ फिल्म निर्माता वाशू भगनानी (Vashu Bhagnani) से जुड़ी लगभग 12 जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह कार्रवाई 28 सितंबर को शुरू हुई थी। हालांकि, इन दावों के बीच वाशू भगनानी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी, लेकिन अब रकुल प्रीत सिंह के इस कड़े बयान ने अफवाहों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है।
Updated on:
05 Oct 2026 12:18 pm
Published on:
05 Oct 2026 11:55 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
