
शहनाज गिल ने ट्रोल होने और फेक हैडलाइन बनाने वालों को दिया जवाब (Photo Source- Instagram/shehnaazgill)
Shehnaaz Gill On Trolls: पंजाबी और बॉलीवुड सिनेमा की फेमस अभिनेत्री शहनाज गिल (Shehnaaz Gill) अपनी बेबाकी, सादगी और खुशमिजाज अंदाज के लिए जानी जाती हैं। पंजाबी फिल्म 'सिंह वर्सेस कौर 2' में नजर आईं शहनाज की निजी जिंदगी और बयानों को लेकर अक्सर मीडिया में तरह-तरह की अफवाहें और ट्रोलिंग देखने को मिलती है। ऐसे में शहनाज के पास इन बुरी खबरों और फेक हेडलाइंस से निपटने का एक बेहद अनोखा और मजेदार तरीका है। जिसे उन्होंने इंटरव्यू में बताया है और ट्रोलर्स को करारा जवाब भी दिया है।
शहनाज गिल ने एचटी सिटी से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बनने वाली चटपटी हेडलाइंस और अफवाहों पर हंसते हुए पर ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया।
शहनाज गिल ने कहा, "जो लोग ऐसी हेडलाइंस बनाते हैं, मैं उनका इरादा अच्छे से समझती हूं क्योंकि उन्हें व्यूज चाहिए होते हैं। वरना वो बेचारे न्यूज कैसे बेचेंगे अगर मसालेदार या खराब हेडलाइन नहीं लगाएंगे? अगर कभी मेरी जुबान फिसल भी जाए और वो हेडलाइन बन जाए, तो मैं बस यही दुआ करती हूं कि उन बेचारों को मेरी वजह से थोड़े व्यूज मिल जाएं! इतनी अच्छी बातों से तो मुझे कोई फायदा नहीं हुआ, कम से कम किसी और का तो भला हो जाए।"
जब उनसे पूछा गया कि उनके अंदर यह हाजिरजवाबी और मजाकिया अंदाज कहां से आता है, तो उन्होंने हंसते हुए कहा, "मेरा खून पंजाबी है ना! मैं कॉमेडी करने की कोशिश नहीं करती, बस मैं कॉमेडी लग जाती हूं। लोगों को मेरा यह अंदाज मजेदार लगता है, यह सब अपने आप हो जाता है।"
शहनाज गिल ने आगे बताया कि उन्होंने शुरुआत से ही खुद को दूसरों के हिसाब से ढालने से इंकार कर दिया था। मीडिया के सामने कैसे चलना है, कैसे बोलना है या कैसा बर्ताव करना है- इस पर उन्हें कई सलाहें मिलीं, लेकिन उन्होंने हमेशा अपनी स्वाभाविकता (Authenticity) को चुना।
शहनाज ने कहा, "अगर आप खुद के लिए सच्चे रहेंगे, तो लोग आपको दिल से अपनाएंगे। वरना पूरी इंडस्ट्री तो एक जैसी ही है, लोग दूसरों को देख सकते हैं लेकिन आपको नहीं। हर इंसान की अपनी एक अलग पर्सनैलिटी होती है और उसे उसी पर टिके रहना चाहिए।"
अपने असली रूप में रहने का फायदा बताते हुए शहनाज ने एयरपोर्ट का एक दिलचस्प वाकया शेयर किया। उन्होंने बताया, "एक ही दिन में दो अलग-अलग लोगों ने मुझसे एक ही बात कही। उन्होंने कहा कि पूरी इंडस्ट्री में वह सिर्फ मुझसे और श्रद्धा कपूर से मिलने के लिए तरस रहे थे। जब मैंने उनसे पूछा कि उन्होंने हम दोनों का नाम एक साथ क्यों लिया, तो उन्होंने कहा, 'आप दोनों जैसी हैं वैसी ही रहती हैं, अपनी भाषा और जड़ों से प्यार करती हैं।' मुझे यह सुनकर बहुत खुशी हुई कि लोग हमारी सादगी से खुद को जोड़ पाते हैं।"
हिंदी और पंजाबी मीडिया के साथ अपने रिश्ते पर बात करते हुए शहनाज ने बताया कि पंजाबी मीडिया अब उन्हें बेहद स्पेशल ट्रीटमेंट देता है और गले लगाता है, वहीं हिंदी मीडिया के साथ भी उनका एक खास और अनूठा कनेक्शन बन चुका है।
Updated on:
02 Oct 2026 11:13 am
Published on:
02 Oct 2026 10:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
