
Swara Bhaskar Social Media War: अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने अपनी छोटी बेटी राबिया के साथ होली का त्योहार बेहद ही धूमधाम से मनाया। पति फहाद अहमद इस सेलिब्रेशन से दूर रहने पर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने सवाल उठाए और जमकर ट्रोल किया। स्वरा ने इन ट्रोल्स को मुंहतोड़ जवाब देते हुए अपनी बेटी की परवरिश और अंतरधार्मिक विवाह पर खरी-खोटी सुना डाली।
स्वरा ने इंस्टाग्राम पर होली की फोटोज शेयर कीं, जिनमें वे और उनकी बेटी राबिया रंगों में सराबोर नजर आईं, जबकि फहाद बिना रंग के दिखाई दिए। कुछ यूजर्स ने फहाद के रंग न लगाने पर सवाल उठाए। स्वरा ने स्पष्ट किया कि फहाद रमजान के रोजे रख रहे थे, इसलिए उन्होंने होली नहीं खेली। उन्होंने ट्रोल्स को जवाब देते हुए कहा कि बिना किसी को मजबूर किए, त्योहार मनाना और खुशियां बांटना संभव है।
स्वरा और फहाद ने फरवरी 2023 में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी की थी। सितंबर 2023 में उनकी बेटी राबिया का जन्म हुआ। स्वरा ने एक इंटरव्यू में बताया कि वे राबिया को सभी धर्मों की परंपराओं से परिचित कराएंगी। उन्होंने कहा, "मैं कुछ नहीं छुपाऊंगी। राबिया के जन्म के बाद मैंने फहाद से कहा था कि चाहे हिंदू-मुस्लिम हो या सिख-ईसाई, हम सभी धर्मों की रस्में निभाएंगे।
स्वरा ने अपने बचपन की यादों को शेयर करते हुए बताया कि उनके पिता उन्हें रामायण और महाभारत की कहानियां सुनाते थे। वह मानती हैं कि इन परंपराओं से जुड़ना महत्वपूर्ण है। जब राबिया बीमार होती है, तो स्वरा फहाद से प्रार्थना करने को कहती हैं, क्योंकि उन्हें इनमें सुकून मिलता है।
स्वरा अपने फिल्मी करियर में सक्रिय हैं। 'जहान चार यार' और 'मिमांसा' के बाद वे 'मिसेज फलानी' में नजर आएंगी।
Updated on:
16 Mar 2025 06:52 pm
Published on:
16 Mar 2025 06:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
