भारत में कभी मशहूर थे नाडिया के स्टंट
भारत की नई पीढ़ी को मलाल हो सकता है कि अपने देश में 'वंडर वुमैन' जैसी फिल्में क्यों नहीं बनतीं। लेकिन पुरानी पीढ़ी बखूबी जानती होगी कि हॉलीवुड की फिल्मों में जो कारनामे गेल गेडोट कर रही हैं, वैसे स्टंट भारतीय फिल्मों में नाडिया बरसों पहले दिखा चुकी हैं। तीस और चालीस के दशक में लोग 'फियरलैस नाडिया' के तौर पर मशहूर इस अभिनेत्री के कारनामों के दीवाने थे। तकनीकी तरक्की को लेकर 'वंडर वुमैन 1984' की हीरोइन के हाथ में इलेक्ट्रॉनिक हंटर आ गया है। नाडिया के हाथों में चमड़े का हंटर हुआ करता था, जो वह बदमाशों पर सटाक-सटाक बरसाती थीं। गले में स्कार्फ, हंटिंग सूट-बूट और फेंटम जैसे नकाब में नाडिया घोड़े पर सवार होकर कभी चलती ट्रेन का पीछा करती थीं, तो कभी 'हेय' बोलते हुए बांस के सहारे लम्बी छलांग लगाकर जाने कहां से कहां पहुंच जाती थीं।