पत्रिका न्यूज नेटवर्क/नैनवां. जिस परिवार में चार बहिन-भाई हो और चारों ही मूक बधिर हो। उनमें से दो भाई-बहन को एक साथ सरकारी नौकरी मिल जाए इससे बड़ी परिवार के लिए और कोई खुशी नहीं होती। दिव्यांग भाई-बहन की कनिष्ठ सहायक के पद पर नियुक्ति मिलने से उनके व परिवार के लिए यह दीपावली बड़ी खुशियां लेकर आई है। भाई सतीश जैन की नैनवां पंचायत समिति में तो बहन आशा जैन की तालेड़ा पंचायत समिति में कनिष्ठ सहायक के पद पर नियुक्ति मिली है। दोनों ने ही दीपावली से दो दिन पूर्व ही कार्यभार ग्रहण भी कर लिया। 37 वर्षीय सतीश एमए बीएड के साथ कम्प्यूटर में दक्ष है। 39 वर्षीय आशा ने भी बीए बीएड कर रखी है। दोनों भाई बहिनों की एक साथ नियुक्ति के आदेश मिले तो परिवार की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा।