
एंथ्रोपिक के शेयर गुरुवार को लिस्ट होंगे।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में तेजी से अपनी पहचान बना रही कंपनी एंथ्रोपिक अब शेयर बाजार में उतरने के लिए तैयार है। कंपनी के शेयर गुरुवार को नैस्डेक ग्लोबल सेलेक्ट मार्केट एक्सचेंज पर ANT सिंबल के साथ लिस्ट होने वाले हैं। इस लिस्टिंग ने कंपनी के दो फाउंडर भाई-बहन डारियो अमोडेई और डेनिएला अमोडेई को फिर से चर्चा में ला दिया है। दोनों ने एक ही सोच के साथ इस कंपनी की नींव रखी थी कि एआई का विकास तेजी से होना चाहिए, लेकिन इसके साथ इंसानों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। कंपनी के नाम एंथ्रोपिक का अर्थ भी 'मानव केंद्रित' है।
साल 2020 में दोनों ने अपने कुछ साथियों के साथ एआई स्टार्टअप ओपनएआई छोड़ दिया था। इसके एक साल बाद 2021 में उन्होंने एंथ्रोपिक की शुरुआत की। उस समय एआई के विकास और उसके इस्तेमाल को लेकर ओपनएआई के भीतर मतभेद सामने आए थे। डारियो और डेनिएला का मानना था कि ज्यादा ताकतवर एआई मॉडल बनाने की दौड़ में सुरक्षा को पीछे नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
पांच साल के भीतर एंथ्रोपिक एआई इंडस्ट्री की प्रमुख कंपनियों में शामिल हो गई है। इसका एआई चैटबॉट क्लाउड खासतौर पर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, कोडिंग और कारोबारी कामों में लोकप्रिय हुआ है। कंपनी अब नैस्डेक पर लिस्ट होने जा रही है। अगर यह लिस्टिंग सफल होती है, तो कंपनी के फाउंडर्स की संपत्ति में भी बड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।
डारियो और डेनिएला की ताकत और काम करने का तरीका अलग-अलग है। डारियो टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट और रिसर्चर हैं। उन्होंने ओपनएआई में GPT-2 और GPT-3 जैसे शुरुआती बड़े एआई मॉडल विकसित करने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, डेनिएला की पढ़ाई अंग्रेजी साहित्य और राजनीति में हुई है। उन्होंने राजनीति, अंतरराष्ट्रीय विकास और फिनटेक सेक्टर में काम किया। उनका अनुभव कंपनी के संचालन, कर्मचारियों के प्रबंधन और कारोबारी रणनीति तैयार करने में काम आया।
एंथ्रोपिक में डारियो कंपनी की तकनीकी दिशा तय करने पर ध्यान देते हैं, जबकि डेनिएला कंपनी के रोजमर्रा के कामकाज से लेकर रिसर्च, इंजीनियरिंग, प्रोडक्ट और बिजनेस ऑपरेशन तक की जिम्मेदारी संभालती हैं।
डारियो और डेनिएला का बचपन अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के मिशन डिस्ट्रिक्ट इलाके में बीता। उनकी मां एलेना एंगेल लाइब्रेरी के निर्माण और मरम्मत से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम करती थीं। उनके पिता रिकार्डो अमोडेई इटली के एल्बा द्वीप के पास पले-बढ़े थे और चमड़े का काम करते थे। डारियो का जन्म 1983 में हुआ था। बचपन से ही उनकी रुचि साइंस में थी। उन्होंने लोवेल हाई स्कूल से पढ़ाई की। इसके बाद कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में फिजिक्स की पढ़ाई की। बाद में प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट की डिग्री हासिल की।
पिता की बीमारी और मौत ने डारियो के करियर की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई। उनके पिता की मौत एक दुर्लभ बीमारी के कारण हुई थी। इस घटना के बाद डारियो ने बायोफिजिक्स के क्षेत्र में दिलचस्पी दिखाई। उन्होंने महसूस किया कि मेडिकल रिसर्च में समय पर हुई तरक्की कई लोगों की जान बचा सकती है। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि एआई को लेकर उनकी चिंता का मतलब यह नहीं है कि वह इस तकनीक की संभावनाओं को कम आंकते हैं। उनका मानना है कि अगर कुछ साल पहले इलाज से जुड़ी खोज हो जाती, तो शायद उनके पिता की जान बच सकती थी। इसलिए वह तकनीकी विकास के फायदे को अच्छी तरह समझते हैं, लेकिन इसके खतरों को नजरअंदाज करने के पक्ष में नहीं हैं। उनका मानना था कि एआई की सुरक्षा को बाद में जोड़ने के बजाय शुरुआत से ही तकनीक के विकास का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
डारियो के मुकाबले डेनिएला का करियर अलग रास्ते से आगे बढ़ा। उन्होंने कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, सांता क्रूज से अंग्रेजी साहित्य और राजनीति की पढ़ाई की। 2009 में ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने सरकारी और सामाजिक क्षेत्र में काम शुरू किया। इसके बाद वह टेक्नोलॉजी और फाइनेंशियल सर्विसेज की दुनिया में पहुंचीं। 2013 में उन्होंने पेमेंट टेक्नोलॉजी कंपनी Stripe जॉइन की। यहां उन्होंने भर्ती और रिस्क मैनेजमेंट से जुड़े काम संभाले। बाद में वह रिस्क ऑपरेशन की प्रमुख बनीं और कंपनी के नियमों के पालन तथा जोखिम प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद डेनिएला ओपनएआई से जुड़ीं, जहां उन्होंने सेफ्टी और पॉलिसी की वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर काम किया। कंपनी के संचालन, कर्मचारियों के प्रबंधन और नीतियों को लेकर उनका अनुभव आगे चलकर एंथ्रोपिक के लिए काफी उपयोगी साबित हुआ।
ओपनएआई ने 2022 में ChatGPT लॉन्च करके आम लोगों तक एआई पहुंचाने पर जोर दिया। इसके उलट एंथ्रोपिक ने शुरुआत से ही कंपनियों, सॉफ्टवेयर डेवलपर्स और बड़े कारोबारी ग्राहकों को अपनी सेवाएं देने पर ध्यान दिया। एंथ्रोपिक ने चैटजीपीटी के लॉन्च के करीब एक साल बाद क्लाउड को बाजार में उतारा। आज क्लाउड की पहचान खासतौर पर कोडिंग और कंपनियों के कामकाज में एआई के इस्तेमाल के लिए बनी है।
एंथ्रोपिक की कारोबारी रणनीति को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। सीएनबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के बिजनेस ग्राहकों की संख्या दो साल में 1,000 से बढ़कर 3 लाख से ज्यादा हो गई। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि क्लाउड के इस्तेमाल का करीब 80% हिस्सा अमेरिका के बाहर से आता है। इससे कंपनी की अंतरराष्ट्रीय पहुंच का अंदाजा लगाया जा सकता है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allकारोबार




