17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gold Price Outlook: एक साल के निचले स्तर पर आया सोना, चांदी 1,68,000 के करीब, क्या यह है खरीदारी का सुनहरा मौका या और करें इंतजार?

Gold Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट के बाद मंगलवार को मामूली रिकवरी आई। हालांकि, मजबूत डॉलर और अमेरिकी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से दबाव बना हुआ है। एक्सपर्ट ने निवेशकों को जल्दबाजी से बचने और चरणबद्ध तरीके से खरीदारी करने की सलाह दी है।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Pawan Jayaswal

•

Updated: 17 Nov 2026, 10:30 AM IST

Gold Rate Today

सोना एक साल के निचले लेवल पर आ गया है। (PC: AI)

Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट के बाद मंगलवार, 17 नवंबर को मामूली सुधार देखने को मिला। हालांकि, इस तेजी से निवेशकों को अभी राहत मिलती नहीं दिख रही है। दोनों कीमती धातुएं एक साल से ज्यादा समय के निचले स्तर के आसपास कारोबार कर रही हैं। अमेरिकी डॉलर की मजबूती, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका ने सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना रखा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान हाजिर सोना मामूली बदलाव के साथ 3,856.52 डॉलर प्रति औंस पर दिखा। इससे पहले सोमवार को इसकी कीमत अक्टूबर 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई थी।

वहीं, दिसंबर डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर में 0.2% की बढ़त दर्ज की गई और यह 3,859 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी की कीमतों में भी हल्की रिकवरी आई। सोमवार को 3.6% की बड़ी गिरावट के बाद मंगलवार को हाजिर चांदी 0.3% बढ़कर 47.17 डॉलर प्रति औंस पर दिखाई दी। हालांकि, बाजार में अभी भी बिकवाली का दबाव बना हुआ है।

MCX पर सोने और चांदी का क्या है भाव?

मंगलवार सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर एमसीएक्स एक्सचेंज पर 4 दिसंबर की डिलीवरी वाला सोना 0.14 फीसदी या 193 रुपये की बढ़त के साथ 1,34,732 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, चांदी का वायदा भाव इस समय 0.22 फीसदी या 376 रुपये की बढ़त के साथ 1,68,239 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा। सोमवार, 16 नवंबर को सोने और चांदी दोनों में तेज बिकवाली हुई थी।

अभी सोना-चांदी खरीदें या गिरावट का इंतजार करें?

कमोडिटी एक्सपर्ट विक्रम सुब्बुराज के मुताबिक, पिछले सप्ताह की बड़ी गिरावट के बाद सोने और चांदी की कीमतों में सुधार की कोशिश हो रही है। हालांकि, अभी बाजार की दिशा को लेकर स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। सुब्बुराज का कहना है कि पिछले सप्ताह सोने में 4.5% की गिरावट के बाद कुछ निवेशक निचले स्तर पर खरीदारी में दिलचस्पी दिखा सकते हैं। लेकिन केवल शुरुआती तेजी देखकर बड़ी खरीदारी करना सही रणनीति नहीं होगी।

उन्होंने निवेशकों को एक साथ पैसा लगाने के बजाय अलग-अलग चरणों में खरीदारी करने की सलाह दी है। उनके मुताबिक, अमेरिकी ब्याज दरों, कच्चे तेल की कीमतों और महंगाई के आंकड़ों पर नजर रखना जरूरी है। भारतीय निवेशकों के लिए रुपये की चाल भी अहम रहेगी, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों के साथ डॉलर के मुकाबले रुपये का उतार-चढ़ाव घरेलू भाव को प्रभावित करता है। चांदी में औद्योगिक मांग का भी बड़ा योगदान है, इसलिए इसकी कीमतों में सोने के मुकाबले ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

सोने की कीमतों में और गिरावट की आशंका

कमोडिटी एक्सपर्ट जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, डॉलर की मजबूती और रुपये में आई तेजी के कारण घरेलू बाजार में सोने पर दबाव बना हुआ है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में COMEX गोल्ड का भाव 3,875 डॉलर के नीचे जाने से तकनीकी संकेत भी कमजोर हुए हैं। आने वाले कुछ सप्ताह में सोना 3,550 से 3,600 डॉलर प्रति औंस के स्तर तक फिसल सकता है। घरेलू बाजार में फिलहाल सोने के 1,32,000 से 1,36,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में रहने की संभावना है। ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी में खरीदारी करने से बचना चाहिए।

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की वजह क्या है?

सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे अमेरिकी डॉलर की मजबूती एक बड़ी वजह है। डॉलर इंडेक्स 19 महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गया है। पिछले सप्ताह अमेरिका में महंगाई के उम्मीद से ज्यादा आंकड़े सामने आने और फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त बयानों से डॉलर को मजबूती मिली है। डॉलर महंगा होने से दूसरे देशों के खरीदारों के लिए सोना और चांदी खरीदना महंगा हो जाता है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन धातुओं की मांग प्रभावित होती है। डिमांड कम होने पर भाव भी गिर जाते हैं।

फेड रेट में 0.25% बढ़ोतरी की 96.6% संभावना

इसके अलावा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना भी बाजार पर दबाव बना रही है। CME FedWatch के मुताबिक, दिसंबर में 0.25% की ब्याज दर बढ़ोतरी की संभावना 96.6% है। वहीं, 0.50% की बड़ी बढ़ोतरी की संभावना 3.4% आंकी गई है। ब्याज दरें बढ़ने पर निवेशकों का रुझान ऐसे विकल्पों की तरफ बढ़ता है, जहां उन्हें बेहतर रिटर्न या ब्याज मिल सके। सोना और चांदी कोई नियमित ब्याज नहीं देते, इसलिए ऊंची ब्याज दरों के माहौल में इनकी मांग कमजोर पड़ सकती है। पीएल कैपिटल में कमोडिटी प्रमुख आशीष राजोदिया के मुताबिक, अमेरिकी 10 साल के ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड 5.15% के करीब पहुंच रही है। यह स्तर भी सोने और चांदी के लिए चिंता का विषय है।

फेडरल रिजर्व की बैठक के मिनट्स पर बाजार की नजर

अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वार्श ने सोमवार को कहा कि नई तकनीकों का अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है। उनके मुताबिक, नई तकनीक से आर्थिक विकास को बढ़ावा मिल सकता है और इसका फायदा ज्यादा लोगों तक पहुंच सकता है। हालांकि, अगर निवेश से उम्मीद के मुताबिक रिटर्न नहीं मिला तो बेरोजगारी बढ़ने और आर्थिक विकास धीमा पड़ने का खतरा भी है। अब निवेशकों की नजर 27 और 28 अक्टूबर को हुई फेडरल रिजर्व की बैठक के मिनट्स पर है। ये मिनट्स बुधवार, 18 नवंबर को जारी होंगे। इनके जरिए बाजार को यह समझने में मदद मिल सकती है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक आने वाले समय में ब्याज दरों को लेकर क्या रुख अपना सकता है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।