वाणिज्य मंत्रालय की ताजा अपडेट के मुताबिक भारत में सोने का आयात 2021 की अप्रैल-जून तिमाही के दौरान कई गुना बढ़कर 7.9 अरब डॉलर ( करीब 58,572.99 करोड़ रुपए ) हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में कोरोना के कारण सोने का आयात काफी कम रह गया था। स्थिति बेहतर होने से सोने के आयात में कई गुना बढ़ोतरी हुई। बता दें कि सोने के आयात का देश के चालू खाते के घाटे पर काफी असर पड़ता है। पिछले साल अप्रैल-जून 2020 की पहली तिमाही में पीली धातु का आयात 68.8 करोड़ डॉलर ( 5,208.41 करोड़ रुपए ) तक गिर गया था। इस साल सोने के उलट चांदी का आयात 93.7 प्रतिशत घट कर 3.94 करोड़ डॉलर रह गया है। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-जून के दौरान सोने के आयात में कई गुना बढ़ोतरी से देश का आयात और निर्यात के बीच का अंतर बढ़कर लगभग 31 अरब डॉलर हो गया है।