
पेटीएम ने जून तिमाही में 1,917 करोड़ रुपये रेवेन्यू दर्ज किया है।
Paytm Q1 Results: फिनटेक दिग्गज पेटीएम की मूल कंपनी वन 97 कम्यूनिकेशंस ने अपना पहली तिमाही का रिजल्ट जारी कर दिया है। कंपनी ने पहली तिमाही में 122.5 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। कंपनी ने एक साल पहले की समान तिमाही में 840 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया था। कंपनी का कोर ऑपरेशंस से रेवेन्यू 27 फीसदी उछलकर 1,917 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में यह 1501 करोड़ रुपये रहा था।
जून तिमाही के दौरान वन 97 कम्यूनिकेशंस का कुल खर्च 18 फीसदी गिरकर 2,061 करोड़ रुपये रह गया है। यह एक साल पहले की समान अवधि में 2,476 करोड़ रुपये रहा था। इस कम खर्च ने भी कंपनी के कुल मुनाफे में योगदान दिया है।
मंगलवार को पेटीएम का शेयर बढ़त के साथ बंद हुआ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी का शेयर 3.37 फीसदी या 34.35 रुपये की बढ़त के साथ 1052.60 रुपये पर बंद हुआ। यह शेयर आज कारोबार के दौरान 1060 रुपये तक गया था। पेटीएम के शेयर का 52 वीक हाई 1063 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप मंगलवार को बीएसई पर 67,186.39 करोड़ रुपये पर बंद हुआ। भारतीय शेयर बाजार की बात करें, तो यह मंगलवार को सपाट बंद हुआ है। सेंसेक्स 0.02 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 82,186.81 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 0.12 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 25,060.90 पर बंद हुआ।
पेटीएम के शेयर ने पिछले एक साल में शानदार रिटर्न दिया है। कंपनी का शेयर पिछले 12 महीने में 122 फीसदी से अधिक बढ़ गया है। बुलिश मोमेंटम और इन्वेस्टर सेंटीमेंट में सुधार के चलते यह तेजी आई है। हालांकि, इस शानदार रिकवरी के बावजूद पेटीएम का शेयर अपने आईपीओ प्राइस से करीब 53 फीसदी डाउन है। इसका आईपीओ प्राइस 2,150 रुपये था। इस समय पेटीएम का शेयर टेक्निकल ब्रेकआउट के संकेत दे रहा है। चार्ट्स में यह शेयर HH–HL पैटर्न दिखा रहा है।
Updated on:
22 Jul 2025, 6:05 PM IST
Published on:
22 Jul 2025, 6:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.