3 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पेंशन, रेंट या SWP… महंगाई को देखते हुए कौन-सी रिटायरमेंट इनकम है बेस्ट, देखिए कैलकुलेशन

Retirement के बाद सिर्फ नियमित आय का इंतजाम करना काफी नहीं है। महंगाई बढ़ने के साथ आज की 50,000 रुपये की जरूरत 20 साल बाद करीब 1.60 लाख रुपये हो सकती है। इसलिए रिटायरमेंट पोर्टफोलियो में सुरक्षित आय, स्थिरता और लंबे समय की ग्रोथ, तीनों का संतुलन जरूरी है।
3 min read
Google source verification

भारत

•

image

Pawan Jayaswal

•

Oct 03, 2026

Retirement Planning

रिटायरमेंट प्लानिंग में महंगाई का जरूर ध्यान रखें। (PC: AI)

रिटायरमेंट के लिए आज 50 हजार रुपये महीने की इनकम पर्याप्त लग सकती है, लेकिन 20 साल बाद यही रकम आपकी जरूरतों का आधा भी पूरा नहीं कर पाएगी। वजह है महंगाई। रिटायरमेंट प्लानिंग में सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि आज कितनी आमदनी मिल रही है। असली सवाल यह है कि बढ़ती कीमतों के बीच 20 या 30 साल बाद उस आमदनी की ताकत कितनी बचेगी।

6% महंगाई में 12 साल में दोगुना हो सकता है खर्च

भारत में महंगाई का असर रिटायरमेंट प्लानिंग पर सीधे पड़ता है। कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स यानी CPI के आधार पर अगस्त 2026 में खुदरा महंगाई दर 4.82 फीसदी रही। यह लगातार तीसरा महीना था, जब महंगाई आरबीआई के 4 फीसदी के मीडियम टर्म टार्गेट से ऊपर रही, हालांकि यह 2 से 6 फीसदी की तय सीमा के भीतर थी। एसबीआई रिसर्च ने अक्टूबर-नवंबर 2026 में भारत की खुदरा महंगाई के 6 फीसदी से ऊपर जाने का अनुमान जताया है। अगर महंगाई दर लंबे समय तक 6 फीसदी रहती है, तो करीब 12 साल में खर्च लगभग दोगुना हो सकता है।

10 साल बाद कितनी सैलरी की होगी जरूरत

इसे एक आसान उदाहरण से समझिए। अगर आज आपका महीने का खर्च 50,000 रुपये है, तो करीब 10 साल बाद इसी लाइफस्टाइल को बनाए रखने के लिए लगभग 90,000 रुपये महीने की जरूरत पड़ सकती है। 20 साल बाद यह खर्च करीब 1.60 लाख रुपये महीना हो सकता है।

समयसमान लाइफस्टाइल बनाए रखने के लिए अनुमानित मासिक खर्च
आज₹50,000
10 साल बाद₹90,000
20 साल बाद₹1,60,000

50 हजार रुपये की पेंशन 20 साल बाद कितनी काम आएगी?

यहीं पर रिटायरमेंट प्लानिंग की असली परीक्षा शुरू होती है। मान लीजिए किसी व्यक्ति को रिटायरमेंट के समय 50,000 रुपये महीने की पेंशन मिलती है और पेंशन में कोई बढ़ोतरी नहीं होती। 20 साल बाद जब उसी लाइफस्टाइल को बनाए रखने के लिए करीब 1.60 लाख रुपये महीने की जरूरत होगी, तब 50 हजार रुपये की पेंशन जरूरत का सिर्फ करीब 31 फीसदी ही पूरा कर पाएगी। यानी रकम वही रहेगी, लेकिन उसकी खरीदने की क्षमता काफी घट जाएगी।

किराये की आमदनी बेहतर, लेकिन महंगाई से पीछे

कई रिटायर लोगों के लिए किराये की आमदनी कमाई का बड़ा जरिया होती है। अगर किराया हर साल करीब 5 फीसदी की दर से बढ़ता है, तो 20 साल में 50,000 रुपये का मासिक किराया बढ़कर लगभग 1.33 लाख रुपये हो सकता है। यह पेंशन के मुकाबले काफी बेहतर स्थिति है, लेकिन फिर भी करीब 27,700 रुपये की कमी रह जाएगी। इसकी वजह यह है कि किराये में 5 फीसदी की बढ़ोतरी और महंगाई में 6 फीसदी की दर का सिर्फ 1 फीसदी अंतर 20 साल में बड़ा फर्क पैदा कर देता है। यही कंपाउंडिंग का असर है। छोटा अंतर भी लंबी अवधि में बड़ा हो जाता है।

पैरामीटरपेंशनकिराये की आयSWP
शुरुआती मासिक आय₹50,000₹50,000₹50,000
सालाना आय में बढ़ोतरी0%5%6%
महंगाई दर6%6%6%

SWP से बढ़ाई जा सकती है हर महीने मिलने वाली रकम

सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान यानी SWP रिटायरमेंट के दौरान बढ़ते खर्च से निपटने का एक तरीका हो सकता है। इसमें जरूरत के हिसाब से हर साल निकासी की रकम बढ़ाई जा सकती है। अगर निकासी को महंगाई के हिसाब से बढ़ाया जाए, तो 50,000 रुपये की शुरुआती जरूरत 20 साल बाद करीब 1.60 लाख रुपये तक पहुंचाई जा सकती है। इस लिहाज से महंगाई के साथ आय बढ़ाने के मामले में SWP ज्यादा सीधा रास्ता दिखता है।

अवधि6% महंगाई पर जरूरी आयफिक्स्ड पेंशन5% की दर से बढ़ता किरायामहंगाई से जुड़ा SWP
आज₹50,000₹50,000₹50,000₹50,000
5 साल बाद₹66,911₹50,000₹63,814₹66,911
10 साल बाद₹89,542₹50,000₹81,445₹89,542
15 साल बाद₹1,19,828₹50,000₹1,03,946₹1,19,828
20 साल बाद₹1,60,357₹50,000₹1,32,665₹1,60,357

लेकिन यहां एक पेंच है। सिर्फ निकासी बढ़ा देने से योजना सफल नहीं हो जाती। शुरुआत में आपके पास इतना बड़ा कॉर्पस होना चाहिए कि वह बढ़ती निकासी को लंबे समय तक संभाल सके। अगर शुरुआती फंड छोटा है या बाजार से अपेक्षित रिटर्न नहीं मिलता, तो बहुत तेजी से पैसा निकालना कॉर्पस को जल्दी खत्म कर सकता है।

इसलिए पेंशन सबसे ज्यादा स्थिरता देती है, किराये की आय बीच का रास्ता है, जबकि SWP में महंगाई के हिसाब से निकासी बढ़ाने की ज्यादा गुंजाइश रहती है। हालांकि हर विकल्प की अपनी सीमाएं हैं।