
छतरपुर. रामकथा के दौरान 'प्रेमलीला' का एक अनोखा मामला मध्यप्रदेश के छतरपुर में सामने आया है। यहां जिस यजमान ने रामकथा का आयोजन कराया उसकी ही पत्नी कथा खत्म होने के बाद कथावाचक के शिष्य के साथ घर से भाग गई। पत्नी के भागने के बाद पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई लेकिन इससे पहले की पुलिस महिला को ढूंढ पाती महिला ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात रख दी है और पति पर ही गंभीर आरोप लगाते हुए खुद की मर्जी से घर छोड़कर आने की बात कही है। बता दें कि महिला का एक 8 साल का बच्चा भी है।
कथावाचक के चेले के साथ यजमान की बीवी फरार
छतरपुर के रहने वाले राहुल तिवारी नाम के युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी को कथावाचक धीरेन्द्र आचार्य का शिष्य नरोत्तम दास बहलाफुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। राहुल ने बताया कि उसने व पत्नी ने धीरेन्द्र आचार्य से गुरु दीक्षा ली थी और बाद में धीरेन्द्र आचार्य से रामकथा भी कराई थी। इसी कथा के दौरान पत्नी व धीरेन्द्र आचार्य के शिष्य नरोत्तम दास के बीच मोबाइल नंबर पर बातचीत शुरु हुई और कथा खत्म होने के बाद पत्नी नरोत्तम के साथ घर से भाग गई। राहुल का आरोप है कि पत्नी घर से करीब 80 हजार नगद सहित ढ़ाई लाख रुपए के जेवरात लेकर भागी है।
पत्नी का जवाब- पति के साथ नहीं रहना
वहीं पति राहुल के द्वारा लगाए गए इन आरोपों के बाद पत्नी ने भी जवाब दिया है। उसका कहना है कि 'पति मुझे जान से मारना चाहता था, मैं अपनी स्वेच्छा से आई हूं। मैं अपनी ससुराल से कुछ भी लेकर नहीं आई मंगल सूत्र भी वहीं छोड़कर आई हूं। ससुराल में मुझे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, इसलिए अब मैं अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और नरोत्तमदास के साथ ही रहना चाहती हूं”।
धीरेंद्र आचार्य बोले: नरोत्तम मेरा शिष्य नहीं
वहीं इस पूरे मामले के सामने आने के बाद कथावाचक धीरेंद्र अचार्य ने साफ कहा है कि नरोत्तम दास उनका शिष्य नहीं है। वो उनका काम काज देखा करता था, और जिस दिन से उसके इस कृत्य की जानकारी लगी है उसके बाद से ही नरोत्तम दास से मतलब रखना छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अब मेरा उससे कोई वास्ता नहीं और वह मेरे साथ कभी नहीं दिखाई देगा। वहीं इस मामले में एसपी ने कहा है कि पति पत्नि के बीच विवाद की वजह से पत्नी पति के साथ नहीं रहना चाहती है। इसलिए कोई केस नहीं बनता है फिर भी पुलिस जांच कर रही है।
देखें वीडियो- सिरफिरे आशिक ने वीडियो बनाकर टीआई की गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी दी
Published on:
10 May 2023 06:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
