
कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, पत्रिका फाइल फोटो
Kapasan MLA Controversy: चित्तौड़गढ़ जिले में एक शख्स ने भाजपा के कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, उनके पीए मुकेश पायक और भीमगढ़ प्रशासक गणेशलाल पुर्वीया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भीमगढ़ निवासी डूंगरसिंह उर्फ बाबुलाल जैन ने विधायक और उनके सहयोगियों पर अपनी और अपने भाइयों किशन सिंह व रतन सिंह की पुश्तैनी जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज से जानमाल की सुरक्षा मांगी है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस महानिरीक्षक को दो पृष्ठ का परिवाद दिया है। इसमें आरोप है कि भीमगढ़, तहसील राशमी स्थित उनकी स्वामित्व वाली जमीन पर भाजपा विधायक और उनके सहयोगी राजनीतिक प्रभाव से कब्जा करना चाहते हैं। आरोप है कि विधायक जमीन हड़पने के लिए परिवार के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराकर पुलिस के माध्यम से दबाव बनवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधायक की प्रताड़ना के चलते उन्हें मूल गांव छोड़कर भीलवाड़ा में रहना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता डूंगरसिंह ने बताया कि वे पहले चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत कर चुके हैं। शिकायत में उन्होंने राशमी थाने के पुलिस अधिकारियों पर भी विधायक के दबाव में उनके खिलाफ कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। शिकायत देने के बाद भी अब तक परिवाद पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित और उसके परिवार को जानमाल का खतरा हर समय बना हुआ है।
विधायक की प्रताड़ना के चलते उन्हें मूल गांव छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है। मूल गांव छोड़ने के बाद भी विधायक की ओर से अजनान लोग धमकियां दे रहे हैं। जिससे उसका पूरा परिवार भय के माहौल में जीवन जीने को विवश है। पीड़ित ने पुलिस से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
आरोप बेबुनियाद है। मुझे न तो किसी जमीन की आवश्यकता है और न ही किसी पर दबाव बनाना मेरा स्वभाव है। जिन्होंने मुझ पर आरोप लगाया वे और उनके परिवार पर ही लोगों की जमीन पर कब्जा करने का आरोप है। उनकी नीयत ठीक नहीं है। इस तरह का आरोप लगाकर मेरी प्रतिष्ठा धूमिल करने का प्रयास है। पुलिस की जांच में मैं हर तरह से सहयोग करने को तैयार हूं। पुलिस की जांच में सब कुछ साफ हो जाएगा।
-अर्जुन लाल जीनगर, विधायक कपासन
Published on:
04 May 2026 09:33 am
