प्रदेश में शीतलहर का असर धूप की तल्खी को निगल रहा है। यही वजह है कि शनिवार के मुकाबले रविवार को रात का पारा तीन डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग की ओर से अगले दो दिन तक इलाके में पाळा पड़ने व शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। जिले में कई जगहों पर कोहरा भी छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के श्रीगंगानर, अलवर, पिलानी, सीकर और चूरू शीत लहर की चपेट में है। वहीं अलवर और झुंझुनूं समेत करौली, कोटा, बूंदी, भरतपुर और धौलपुर में अगले तीन चार दिन तक घना कोहरा रहने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में 16 जनवरी को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के आने से बारिश की संभावना है। इससे एक बार फिर बर्फीली हवाओं का सामना करना पड़ेगा। वहीं राजस्थान में 16, 17, 18 जनवरी को कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।