
भाजपा-कांग्रेस
Rajasthan Politics: पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क/चूरू. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने मंगलवार को चूरू में हुई जनाक्रोश रैली में राज्य सरकार को जमकर निशाने पर लिया। जयपुर रोड पर स्थित सनसिटी मैदान में आयोजित सभा में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने गहलोत सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में दो सौ मिनी सीएम घूम रहे हैं। भ्रष्टाचार का खुला तांडव चरम पर है, लेकिन सरकार जनता के हितों को दरकिनार कर मौज मस्ती में लीन है। उन्होंने ये भी कहा कि चूरू में भी दो मिनी सीएम हैं। जिनका नाम रेहाना रियाज और रफीक मंडेलिया है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस सरकार के एक मंत्री कहते हैं कि राजस्थान प्रदेश मर्दों वाला प्रदेश है। ऐसी बातों से सिर शर्म से झुक जाता है।
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस में कुर्सी का खेल चल रहा है, जो सड़क पर आ चुका है। पायलट खलनायक की भूमिका में आकर अपनी ही सरकार को घेरने का काम कर रहे हैं। पायलट ने वीरांगनाओं के अपमान के समय चुप्पी क्यों साध रखी थी? उन्हें अपनी ही सरकार के महंगा कोयला खरीद, शिक्षकों के ट्रांसफर, कोरोनाकाल में खरीदे गए कोरोना किट, जल जीवन मिशन सहित अन्य मामलों के भ्रष्टाचार क्यों नहीं दिख रहे हैं? यह कहना मुश्किल है कि अंतर्कलह से जूझ रही सरकार आठ माह का कार्यकाल भी पूरा कर पाएगी या नहीं। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो पीएम नरेन्द्र मोदी फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि योजना, पीएम आवास योजना लागू कर प्रदेश के लोगों को राहत देना चाहते हैं, लेकिन सीएम अशोक गहलोत उन योजनाओं में अड़ंगा लगाने का काम कर रहे हैं। प्रदेश की जनता इस सरकार से इस कदर त्राहिमाम कर रही। इसका अंदाजा जन आक्रोश रैली में आए लोगों से लगाया जा सकता है।
गहलोत सरकार की वादाखिलाफी का जनता जवाब देगी: जोशी
प्रदेश अध्यक्ष जोशी ने कहा कि राजस्थान में इस बार डबल इंजन की सरकार बनेगी। गहलोत सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पूर्व किसानों की कर्ज माफी का वादा किया था, लेकिन इस वादाखिलाफी का जनता आने वाले चुनाव में जवाब देगी। जोशी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि इनके नेता विदेशों में जाकर भारत के प्रति विरोधाभासी बयान देते हैं। ये राष्ट्रद्रोह नहीं तो क्या है। इसलिए हम सभी को आज संकल्प लेना चाहिए कि ऐसी सरकार को जड़ से उखाड़ फेंके।
कब चोट मारनी है राठौड़ से सीखें: तिवाड़ी
राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि राजनीति में कब, किसको और कैसे चोट मारनी है ये नेता प्रतिपक्ष राठौड़ से सीखें और गहलोत से ये पूछें की चोट कैसी लगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास देने को कुछ नहीं है, लेकिन केवल थोथी घोषणाएं कर जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है।
Updated on:
12 Apr 2023, 10:18 AM IST
Published on:
12 Apr 2023, 10:18 AM IST
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.