
नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का रोमांच देखने वाले खेलप्रेमियों के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने न में इस साल अप्रैल में होने वाले एशिया इमर्जिंग नेशन्स कप में अपनी टीम भेजने से मना कर दिया है। बीसीसीआई के इंकार करने के बाद अब पाकिस्तान की मेजबानी पर भी सवाल खड़े हो गए है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि अब एशिया इमर्जिंग नेशन्स कप का आयोजन श्रीलंका या बांग्लादेश में किया जा सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक अधिकारी ने बताया कि भारत किसी भी कीमत पर इस टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम पाकिस्तान भेजने को तैयार नहीं है। इस कारण से एशिया इमर्जिंग कप का आयोजन श्रीलंका या फिर बांग्लादेश में किया जा सकता है। हम अप्रैल में इस टूर्नामेंट को आयोजित करने के लिए तैयार हैं और उम्मीद है कि सभी देश इसमें हिस्सा लेंगे।
कोलंबो बैठक में लिया जाएगा फैसला -
एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष नजम सेठी ने दुबई में कहा कि वो कोलंबो में एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) की बैठक जल्द ही आयोजित करेंगे। इस बैठक में एशिया इमर्जिंग कप और एशिया कप के उपर फाइनल फैसला किया जाएगा। बता दें कि नजम सेठी एशियन क्रिकेट काउंसिल के साथ-साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के भी अध्यक्ष हैं। नजम सेठी ने कहा कि एसीसी के अगले मीटिंग में एशियन इमर्जिंग नेशन्स और एशिया कप टूर्नामेंट के वेन्यू और डेट के बारे में फाइनल फैसला लिया जाएगा। हम जल्दी ही कोलंबो में होने वाले मीटिंग को लेकर डेट फाइनल करेंगे।
एशिया कप भी होना है इसी साल -
एशियाई क्रिकेट का सबसे बड़ा टूर्नामेंट एशिया कप का आयोजन इसी साल सितंबर में किया होना है। इस साल यह टूर्नामेंट भारत में आयोजित होना है। नजम सेठी ने कहा कि पाकिस्तान एशिया कप में हिस्सा लेगा या नहीं ये परिस्थिति पर निर्भर करता है। गौरतलब हो कि साल 2008 में मुंबई में हुए आंतकी हमले के बाद से भारत ने पाकिस्तान के साथ कोई भी द्विपक्षीय सीरीज खेलने से मना कर दिया था।
भारत की यात्रा में कोई दिलचस्पी नहीं -
अगले महीने आईसीसी की एक बैठक कोलकाता में होनी है। इस बैठक में सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ नजम सेठी का कहना है कि अप्रैल में कोलकाता में आइसीसी की बोर्ड मीटिंग में वो हिस्सा तभी ले पाएंगे जब आइसीसी उनके भारत जाने के लिए वीजा उपलब्ध करा सके। मुझे भारत का यात्रा में कोई दिलचस्पी नहीं है। अगर भारत की तरफ से मुझे वीजा मिलता है तो मैं वहां जाउंगा नहीं तो आइसीसी को खुद इस मामले को देखना चाहिए।
Published on:
2 Mar 2018, 9:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.