
मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार गेंदबाज आर अश्विन चोटिल होने की वजह से देवधर ट्रॉफी से बाहर हो गए है। हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग में किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान बनाए जाने के बाद आर अश्विन को देवधर ट्रॉफी 2017-18 में इंडिया-ए टीम का भी कप्तान बनाया गया था। लेकिन पैर में चोट के कारण वे पूरी सीरीज से बाहर हो गए है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को जारी एक बयान में बताया कि पैर में तकलीफ के कारण अश्विन को मेडिकल टीम ने एक सप्ताह तक आराम करने के लिए कहा है।
अंकित बावने बने टीम के कप्तान -
आर अश्विन की गैर मौजूदगी में चयनकर्ताओं ने अंकित बावने को इंडिया-ए का कप्तान भी नियुक्त किया है। इस बदलाव को संतुलन प्रदान करने के लिए अक्षदीप नाथ को इंडिया-बी टीम में भेज दिया गया है।
शाहबाज नदीम लेंगे अश्विन की जगह-
जबकि टीम में स्पिनर की कमी होने की कारण अखिल भारतीय चयन समिति ने अश्विन की जगह स्पिन गेंदबाज शाहबाज नदीम का टीम में शामिल करने का फैसला किया है।
वनडे और टी-20 टीम से हैं बाहर -
गौरतलब हो कि आर अश्विन अभी भारतीय वनडे और टी-20 टीम से बाहर चल रहे हैं। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में वे भारतीय टीम के सदस्य है। लिहाजा आर अश्विन का जोर पिछले दिनों से घरेलू क्रिकेट में बढ़ा है। कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल के आने के बाद से आर. अश्विन और रविंद्र जडेजा को सीमित ओवरों के खेल में मौका नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में इन दोनों दिग्गजों की कोशिश घरेलू क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन कर फिर से टीम में वापसी करने की है।
टीमें :
इंडिया-ए : अंकित बावने (कप्तान), पृथ्वी शॉ, उन्मुक्त चंद, शाहबाज नदीम, शुबमन गिल, रिकी भुई, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन (विकेटकीपर), क्रूनाल पांड्या, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी, बासिल थम्पी, कुलवंत खेजरोलिया, अमनदीप खरे, रोहित रायडू।
इंडिया-बी : श्रेयस अय्यर (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, अभिमन्यु ईआसवारन, अक्षदीप नाथ, मनोज तिवारी, सिद्धेश लाड, केएस भरत (विकेटकीपर), जयंत यादव, धर्मेंद्र सिंह जडेजा, हनुमा विहारी, सिद्धार्थ कौल, खलील अहमद, हर्षल पटेल, उमेश यादव, रजत पाटीदार।
Published on:
1 Mar 2018, 8:14 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.