
नई दिल्ली। किंग्स इलेवल पंजाब ने अपने कप्तान की घोषणा कर दी है। इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग में प्रीती जिंटा की टीम की कमान भारतीय स्टार गेंदबाज आर. अश्विन को सौपी गई है। अश्विन को कप्तान बनाए जाने की खबर वीरेंद्र सहवाग ने फेसबुक में लाइव चैट के दौरान दी। बता दें कि आईपीएल की नीलामी के दौरान किंग्स इलेवन पंजाब ने आर. अश्विन को 7.6 करोड़ की भारी कीमत के साथ अपनी टीम से जोड़ा था। आर. अश्विन ने भी टीम से जुड़ने के बाद कप्तानी करने की इच्छा जाहिर की थी।
लंबे समय तक चेन्नई के साथ थें अश्विन -
आर. अश्विन इंडियन प्रीमियर लीग में लंबे समय तक पीली जर्सी में दिखते रहे। वे साल 2015 तक चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा थे। इसके बाद चेन्नई के निलंबित होने के बाद अश्विन ने दो सीजन पुणे सुपर जाइंट्स की तरफ से खेला। वर्ष 2017 में चोट की वजह से वो पूरे आइपीएल से बाहर रहे थे। इस साल बैन से वापसी करने वाली चेन्नई की टीम ने अश्विन को रिटेन नहीं किया था।
युवराज के नाम की भी हुई चर्चा-
कप्तान के नाम का खुलासा करते हुए वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि युवराज सिंह को टीम का कप्तान बनाए जाने पर भी चर्चा हुई। युवी मेरे अच्छे दोस्त हैं लेकिन जब बात क्रिकेट की आती है तो दोस्ती को थोड़ा अलग करके सोचना पड़ता है। हमें ये लगा कि अश्विन हमारी टीम के लिए अच्छे कप्तान साबित हो सकते हैं। बता दें कि युवराज सिंह को पंजाब ने दो करोड़ की कीमत पर अपने साथ जोड़ा है।
बेहतरीन गेंदबाज साबित हुए हैं अश्विन -
टी-20 में आर. अश्विन खास कर आइपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। अश्विन ने 2009 से लेकर 2017 तक कुल 111 मैच खेले। जिसमें उन्होंने 6.55 की इकानॉमी रेट और 25.00 की औसत से गेंदबाजी की है। अश्विन के नाम पर आइपील में कुल 100 विकेट हैं। आइपीएल में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 34 रन देकर 4 विकेट है। अब देखना है कि किंग्स इलेवन पंजाब की टीम में अश्विन दोहरी भूमिका को कितना बेहतर निभा पाते हैं।
कप्तान के कई दावेदार थें -
पंजाब की टीम से कप्तान बनने के लिए सबसे ज्यादा दावेदार थे। रिटेन किए गए अक्षर पटेल के साथ-साथ भारतीय दिग्गज बल्लेबाज युवराज सिंह और क्रिस गेल भी कप्तानी करने में सक्षम थे। हालांकि बाजी अश्विन ने मारी।
Published on:
26 Feb 2018, 5:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.