
IPL 2025 Opening Ceremony: इंडियन प्रीमियर लीग का जबसे आगाज हुआ है, तब से ओपनिंग सेरेमनी सिर्फ उद्घाटन मैच से पहले आयोजित होती है, लेकिन आईपीएल 2025 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) कुछ खास प्लानिंग कर रहा है। आईपीएल का ये 18वां सीजन है और इसे स्पेशल बनाने के लिए बीसीसीआई उद्घाटन मैच से पहले ही ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं करेगा, बल्कि इस बार जिस वेन्यू पर भी पहला मुकाबला खेला जाएगा, वहां उससे पहले ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी।
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल अपने 18वें सीजन में क्रिकेट फैंस के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। लीग के 18वें सीजन के उपलक्ष्य में सभी 13 वेन्यू पर विशेष समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रम में कई प्रमुख कलाकार अपनी प्रस्तुति देते नजर आएंगे। स्पोर्टस्टार ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि टूर्नामेंट में और अधिक रंग भरना चाहते हैं, ताकि हर वेन्यू के दर्शक ओपनिंग सेरेमनी का लुत्फ उठा सकें। इसके लिए हर वेन्यू पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए राष्ट्रीय और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति की योजना बनाई जा रही है।
आईपीएल 2025 का आगाज कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मैच के साथ होगा। ये मैच 22 मार्च को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच से पहले एक ओपनिंग सेरेमनी होगी। इसकी पुष्टि सीएबी के चेयरमैन स्नेहाशीष गांगुली ने की है। उन्होंने बताया कि इस मैच की टिकटों की डिमांड काफी अधिक है और लंबे समय के बाद कोलकाता में आईपीएल का उद्घाटन समारोह होगा।
केकेआर बनाम आरसीबी मुकाबले से पहले 35 मिनट की ओपनिंग सेरेमनी होगी। इसमें सिंगर श्रेया घोषाल और अभिनेत्री दिशा पटानी की प्रस्तुति हो सकती है। इस आयोजन के दौरान आईसीसी के चेयरमैन जय शाह और अन्य अधिकारी शामिल होने की संभावना है। स्नेहाशीष ने उद्घाटन समारोह के बारे में अभी विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है।
Updated on:
19 Mar 2025, 10:37 AM IST
Published on:
19 Mar 2025, 10:37 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.